ब्रेकिंग न्यूज: बारिश ने बदला गणेश विसर्जन झांकी का शेड्यूल, राजनांदगांव के बाद रायपुर में भी तारीख बदलने के संकेत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही तेज बारिश का असर गणेश विसर्जन झांकियों पर भी पड़ रहा है। राजनांदगांव में खराब मौसम को देखते हुए गणेश विसर्जन झांकी निकालने की तारीख में बदलाव किया गया है। अब वहां शुक्रवार की जगह शनिवार को झांकियां निकाली जाएंगी। इसके बाद रायपुर में भी गणेश विसर्जन झांकी की तारीख बदलने की संभावना बढ़ गई है।


राजनांदगांव की जिला पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को गणेश विसर्जन झांकियां निकाली जानी थीं, लेकिन लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए झांकी समितियों के साथ बैठक की गई। बैठक में सर्वसम्मति से अब शनिवार को झांकियां निकालने का निर्णय लिया गया है।
राजनांदगांव में तारीख बदलने के बाद इसका असर रायपुर के कार्यक्रम पर भी पड़ सकता है। रायपुर में रविवार को गणेश विसर्जन झांकी निकाले जाने की तैयारी थी, लेकिन अब इसे सोमवार को किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
रायपुर कमिश्नरेट मध्य जोन के डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि राजनांदगांव में गणेश झांकी विसर्जन की तारीख बदले जाने की सूचना प्राप्त हुई है। इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी जा रही है। उन्होंने कहा कि रायपुर में अभी तारीख परिवर्तन को लेकर आधिकारिक निर्णय नहीं हुआ है। गणेश झांकी समितियों के साथ बैठक कर इस संबंध में चर्चा की जाएगी।
लगातार बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन झांकी समितियों के साथ बैठक के बाद रायपुर में नई तारीख को लेकर अंतिम निर्णय ले सकता है।

