रायपुर में ट्रिपल मर्डर: पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर पति ने खुद को मारा चाकू, जानिए ये दिल दहला देने वाली घटना
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक पति ने कथित तौर पर चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की धारदार चाकू से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर लिया, जिससे वह घायल हो गया।


पढ़िए पूरी खबर
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला रायपुर-धमतरी रोड स्थित ग्राम डूमरतराई के साहूपारा का है। आरोपी की पहचान भुनेश्वर साहू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बालोद जिले का रहने वाला बताया जा रहा है और डूमरतराई के साहूपारा में किराए के मकान में रहता था।
इसे भी पढ़े– रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, पति ने पत्नी और 3 बच्चों को जहर देकर खुद लगाई फांसी, देखें वीडियो
ऐसे दिया घटना को अंजाम
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले अपनी पत्नी और दोनों बच्चों पर चाकू से हमला किया, जिससे तीनों की मौत हो गई। इसके बाद उसने खुद पर चाकू से वार कर लिया।
आरोपी पति का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल आरोपी का अस्पताल में इलाज जारी है।
जताई गई ये आशंका
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल को सील कर दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे चरित्र शंका की बात सामने आई है, हालांकि मामले की पूरी तस्वीर पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई के बाद स्पष्ट होगी।

