April 19, 2026

Bhuvan Bam : भारतीय यूट्यूबर भुवन बाम के माता पिता का हुआ कोरोना से निधन

IMG_20210612_231711

भारतीय यूट्यूबर भुवन बाम (Bhuvan Bam) ने अपने माता-पिता दोनों को कोविड-19 महामारी से खो दिया है। भुवन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी मां और पिता के साथ कई सारी खूबसूरत तस्वीरें साझा की और साथ में एक दिल दहला देने वाला नोट भी लिखा है। उन्होंने नोट की शुरुआत इन शब्दों से की, ‘कोरोना के चलते अपनी दोनों लाइफलाइन को खो दिया’।


उन्होंने अपने फॉलोअर्स को इस खबर की जानकारी देते हुए लिखा, “मेरे आई और बाबा के बिना कुछ भी पहले जैसा नहीं रहेगा। एक महीने में सब बिखर चुका है। घर, सपने, सब कुछ। मेरी आई मेरे पास नहीं है, बाबा मेरे साथ नहीं हैं। अब शुरू से जीना सीखना पड़ेगा, मन नहीं कर रहा।”

उन्होंने फिर अपनी पोस्ट को खत्म करते हुए कुछ सवाल किए- ‘क्या मैं एक अच्छा बेटा था? क्या मैंने उन्हें बचाने के लिए काफी कुछ किया?’ उन्होंने आगे कहा कि ‘उन्हें जीवन भर इन सवालों के साथ जीना होगा’। मशहूर यूट्यूबर ने लिखा- ‘उन्हें फिर से देखने के लिए इंतजार नहीं कर सकता। उम्मीद है कि वो दिन जल्द आएगा’।

बता दें कि भुवन बाम भारत में पहली पीढ़ी के यूट्यूब सितारों में से एक हैं। उन्होंने 2015 में सोशल मीडिया की दुनिया में प्रवेश किया था और अपने दिलचस्प वीडियो के साथ, भारत की आबादी को इतना आकर्षित किया कि 6 सालों के भीतर, उन्होंने Youtube पर 2.05 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर, फेसबुक पर 6.7 मिलियन से अधिक और इंस्टाग्राम पर 11.5 मिलियन फॉलोअर्स हासिल कर लिए।

अपने बाकी YouTube प्रतिस्पर्धियों के विपरीत, भुवन ने अपने कंटेंट में कई तरह के बदलाव और एक्सपेरीमेंट किए हैं। फनी वीडियो के अलावा, वह खुद को एक गायक, अभिनेता और साक्षात्कारकर्ता के रूप में भी स्थापित कर रहे हैं।

उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय YouTube स्टार लिली सिंह के साथ भी सहयोग किया और दिव्या दत्ता के साथ ‘प्लस-माइनस’ नामक एक शॉर्ट फिल्म में अभिनय किया है जिसके लिए उन्होंने एक फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीता।


You may have missed