लॉकडाउन ब्रेकिंग: बिहार और तेलंगाना में भी बढ़ाया गया लॉकडाउन, व्यापार के लिए दी जाएगी अतिरिक्त छूट
The lockdown was extended till 8 June in Bihar and 9 June in Telangana:


पटना। कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर बिहार में लॉकडाउन को 8 जून तक बढ़ा दिया गया है। बिहार में लॉकडाउन को चौथी बार विस्तार किया गया है। पहली बार 5 मई को लॉकडाउन लगाया गया था। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन को एक सप्ताह अर्थात 8 जून, 2021 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
परन्तु व्यापार के लिए अतिरिक्त छूट दी जा रही है। सभी लोग मास्क पहनें और सामाजिक दूरी बनाए रखें। बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान 52 और व्यक्ति की मौत हो जाने से इससे मरने वालों की संख्या रविवार को 5104 हो गयी और 1475 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढकर 705648 हो गयी।
स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार बिहार में शनिवार अपराहन चार बजे से रविवार अपराहन चार बजे तक कोरोना वायरस संक्रमण के जो 1475 नए मामले सामने आए हैं उनमें प्रदेश की राजधानी पटना के सबसे अधिक 161 मामले हैं।
तेलंगाना में नौ जून तक बढ़ा लॉकडाउन-
हैदराबाद। तेलंगाना सरकार ने कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बीच राज्य में जारी लॉकडाउन की अवधि नौ जून तक बढ़ाने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की अध्यक्षता में रविवार शाम यहां प्रगति भवन स्थित मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर को देखते हुए राज्य में पहले 12 मई को लॉकडाउन लगाया गया था जिसे बाद में 30 मई तक बढ़ा दिया गया। अब इसे 10 और दिन बढ़ाकर नौ जून तक कर दिया गया है।
मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर अलर्ट रहने तथा उचित कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। मंत्रिमंडल ने लॉकडाउन के दौरान सुबह छह बजे से अपराह्न दो बजे तक ढील देने का फैसला किया हालांकि सभी दुकानें, कार्यालय और प्रतिष्ठान एक बजे तक बंद कर दिये जाएंगे। किसी काम से बाहर निकले लोगों को घर लौटने के लिए एक घंटा अतिरिक्त दिया जायेगा लेकिन दो बजे से अगले दिन सुबह छह बजे तक पूरी सख्ती से लॉकडाउन का पालन किया जायेगा।

