#TheFamilyMan2 : ‘द फैमिली मैन 2’ को लेकर फिर भड़का गुस्सा, ट्रेंड हुआ #BoycottAmazon
मनोज बाजपेयी की वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन 2’ (The Family Man 2) अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हो चुकी है। इस वेब सीरीज को दर्शकों और समीक्षकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। हालांकि कुछ लोग सोशल मीडिया पर इस सीरीज को बायकॉट की मांग कर रहे हैं।


गौरतलब है कि इस सीरीज का ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स भड़क गए थे। इसके बाद मेकर्स ने कहा था कि पहले वो ‘द फैमिली मैन 2’ (The Family Man 2) को देखें और फिर तय करें कि वेब शो तमिलों के खिलाफ है या नहीं। हालांकि यूजर्स का गुस्सा शांत होता नहीं दिख रहा है।
अब एक बार फिर से ट्विटर पर #Familyman2_against_tamil और #BoycottAmazon ट्रेंड करने लगा है। इस सीरीज में सामंथा अक्किनेनी को सुसाइड बॉम्बर के रुप में दिखाया गया है। उनका कहना है कि सामंथा का रोल तमिलों के खिलाफ है। वह ऐसा रोल करके तमिलों के सालों पुराने संघर्ष का अपमान कर रही हैं। इस रोल से तमिल फैंस नाराज हैं।
तमिल दर्शकों का आरोप है कि अमेजन प्राइम वीडियो की इस वेब सीरीज के दूसरे पार्ट में तमिल कम्युनिटी को आतंकी के तौर पर पेश किया जा रहा है। इसकी वजह से ही सीरीज का विरोध किया जा रहा है।
गौरतलब है कि सीरीज का ट्रेलर रिलीज होने के बाद सांसद वाइको ने सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पत्र लिखकर वेब सीरीज ‘द फैमली मैन 2’ (The Family Man 2) पर जल्द से जल्द रोक लगाने की मांग की थी।

