छत्तीसगढ़ की बेटी प्रीति साय जल्द ही विद्या बालन स्टारर मूवी शेरनी में देंगी दिखाई
बलरामपुर-रामानुजगंज। विद्या बालन अभिनीत फिल्म ‘शेरनी’ इन दिनों काफी सुर्खियों में है। 18 जून को रिलीज होने वाली इस फिल्म का ट्रेलर एमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में बलरामपुर की बेटी का भी नाम जुड़ा हुआ है।


बलरामपुर जिले के एक छोटे से शहर कुसमी की बेटी प्रीति साय भी फ़िल्म ‘शेरनी’ का हिस्सा है। इस फिल्म के जरिए क्षेत्र की बेटी बॉलीवुड में एंट्री कर रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। बॉलीवुड फ़िल्म में 18 जून को विद्या बालन जैसी कलाकार के साथ फ़िल्म में अपने कला का प्रदर्शन कर रही प्रीती साय लल्लूराम डॉट कॉम ने बात की।
प्रीति ने बताया कि 18 जून को रिलीज होने वाली फ़िल्म ‘शेरनी’ में फारेस्ट ऑफिसर की रोल में दिखेंगी। उन्होंने बताया कि बॉलीवुड तक पहुँचने में उन्होंने काफी मेहनत किया है। छतीसगढ़ी फ़िल्म सीरियल में काम के बाद अब विद्या बालन सहित कई बड़े स्टार के साथ काम करेगी।
“लगन मोर सजन” और प्रीति
प्रीति बताती हैं कि ट्रेनिंग के समय रायपुर में रहती थी। इस बीच एक छत्तीसगढ़ी फिल्म “लगन मोर सजन” में आवाज देने का मौका मिला। फिल्म के डायरेक्टर वैभव अंबस्ट थे। उन्होंने ही मुंबई जाने की सलाह दी। मुंबई पहुंची तो एहसास हुआ कि मेरी रुचि एक्टिंग में ज्यादा है। यहां सफर आसान नहीं था। कुछ दोस्त थे, जिसके कारण मुझे एक कास्टिंग डायरेक्टर के साथ काम करने का मौका मिला। इसके बाद स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाले दुर्गा सीरियल में असिस्टेंट कास्टिंग डायरेक्टर के रूप में काम मिला।
प्रीति 2016 में मुंबई गई थीं। इस बीच साल 2018 तक वह कई सीरियल में काम कर चुकी थीं। लोगों ने उन्हें कुमकुम भाग्य, संतोषी मां समेत अन्य टीवी सोप में देखा। इसके बाद साल 2018 में ही उनके हिस्से आई एक मूवी कलर्स ऑफ कंसाइंस। इस फिल्म में उनके किए अभिनय ने आगे के रास्ते खोल दिए। इस मूवी के लिए उनको झारखंड फिल्म महोत्सव में बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। प्रीति ने बताया इसी फिल्म के कारण उन्हें ‘शेरनी’ मिली है।

