गर्लफ्रेंड से शादी करने पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने सुलझाई महिला की हत्या की गुथी
मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना के जीगनी गांव की नहर के पास बुधवार को मिली महिला की लाश की पहचान भूरी कुशवाह के रूप में हुई थी. पुलिस ने महिला की हत्या की गुथी को सुलझा लिया है.


दरअसल महिला की हत्या उसी के पति बबलू कुशवाह ने गर्लफ्रेंड से शादी करने के चक्कर में कर दी थी. हत्या के बाद बबलू ने पुलिस को झूठी कहानी सुनाई थी. आरोपी ने बड़े ही शातिर तरीके से अपनी पत्नी को मारा. उसने पत्नी की हत्या करने से पहले उसके साथ संबंध बनाए साथ ही उसके गहने भी पेड़ के नीचे छिपा दिए थे.
पुलिस ने इस मामले में रविवार को खुलासा कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसने पुलिस के सामने कहा कि हां, मैंने ही हत्या की है.
बबलू ने पुलिस को सुनाई थी ये कहानी
पति बबलू ने पुलिस और घरवालों को बताया था कि वह पत्नी भूरी के साथ ससुराल रड़ुआपुरा, अंबाह गया था. बुधवार रात को वो दोनों बाइक से गांव वापस लौट रहे थे. रास्ते में भूरी ने उसे कहा कि उसे माता बसैया मंदिर के दर्शन करने हैं. दर्शन करने के बाद लौटते में दोनों जीगनी गांव पार करने के बाद नहर पर पहुंचे. यहां 6-7 बदमाश बैठे थे. उन्होंने दोनों को रोक लिया. जिसके बाद उन्होंने हम दोनो से मारपीट की भूरी से गहने लूटे और उसकी हत्या कर दी.
मामले का ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस को पहले ही पता था कि पति छूठी कहानी सुना रहा है, लेकिन पुलिस के पास कोई सबूत नहीं था. पुलिस को बबलू पर पूरा शक था. जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई तो पुलिस के सामने सारा मामला खुल गया. जांच के दौरान पुलिस ने राहगीरों और मौके पर जाकर सबूत जुटाए. पुलिस ने भूरी के भाई से भी पूछताछ की. उसने पुलिस को बताया, दोनों में अनबन रहती थी. बयान देने के लिए पुलिस ने बबलू को बुलाया.
कई बार बुलाने पर भी वह नहीं पहुंचा. शनिवार रात वो कुछ लोगों के साथ थाने पहुंचा. पूछताछ के दौरान पहले तो पुरानी कहानी दोहराता रहा, लेकिन जब पुलिस ने सख्ती की. पुलिस ने जब पत्नी के गहने दिखाए, तो उसने जुर्म कबूल कर लिया.
गर्लफ्रेंड से था शादी करने का प्लान
बबलू की तीन साल पहले भूरी से शादी हुई थी. शादी के बाद उन्हें बच्चा नहीं था. इसके साथ ही बबलू का किसी दूसरी लड़की के साथ अफेयर था. वह पत्नी से छुटकारा पाना चाहता था, इसलिए उसने पत्नी की हत्या की साजिश रची. आरोपी ने बताया कि उसने वारदात से पहले पत्नी से संबंध भी बनाए थे, जिससे रेप का केस बन सके.

