नदी किनारे मिली अधेड़ उम्र के प्रेमी युगल की लाश, पुलिस कर रही मामले की जांच
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक अधेड़ उम्र के प्रेमी युगल ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। दोनों की लाश गांव के बाहर नाला के पास मिली। मामला मैनपुर विकासखण्ड के साहेबिन कछार गांव का है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है।


जुगाड़ थाना पुलिस को गांव के बाहर नाला के पास एक महिला और पुरुष की लाश संदिग्ध हालत में पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी टीकाराम ध्रुव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके से जहर का डिस्पोजल बरामद हुआ है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मैनपुर भेजा गया है, जहां डॉक्टरों ने जहरखुरानी से मौत का कारण बताया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक परमेश्वर मरकाम (37 वर्ष) ओर ललिता यादव (38 वर्ष) दोनों साहेबिन कछार के निवासी थे। दोनों ही शादीशुदा थे। हालांकि ललिता यादव विधवा थी। स्थानीय लोगों से बातचीत के आधार पर पुलिस इसे प्रेमप्रसंग का मामला मान रही है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों रात के अंधेरे में घर से निकले और फिर नदी किनारे पहुंचकर जहर सेवन कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा होने की बात कह रही है। पुलिस इस बात का भी पता लगाने की भी कोशिश कर रही है कि आखिर प्रेमी युगल को इतना बड़ा आत्मघाती कदम उठाने पर क्यों मजबूर होना पड़ा।

