तौलिया पहनकर मैदान पर उतरे मोहम्मद शमी, अब तस्वीरें हो रही जमकर वायरल
नई दिल्ली: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) के पांचवें दिन भारतीय गेंदबाजों ने जबर्दस्त गेंदबाजी की. लंच से पहले टीम इंडिया ने तीन विकेट चटकाए, जिसमें से दो विकेट मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने झटके. शमी ने रॉस टेलर और बीजे वॉटलिंग के विकेट लिये.



शमी की लाइन-लेंग्थ ने कीवी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया और इसका इनाम उन्हें दो विकेट के तौर पर मिला. वैसे मोहम्मद शमी खेल के पांचवें दिन किसी और वजह से भी सुर्खियों में आए. मोहम्मद शमी साउथैंप्टन के मैदान पर तौलिया पहनकर मैदान पर उतरे.

चौंकिये नहीं दरअसल मोहम्मद शमी ने अपनी टेस्ट जर्सी और लोअर के ऊपर तौलिया लपेटा हुआ था. शमी की ये तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. फैंस शमी के तौलिया पहनने की वजह पूछने लगे. बता दें मोहम्मद शमी ने साउथैंप्टन में पड़ रही ठंड की वजह से ऐसा किया. दरअसल शमी लंच से पहले लगातार गेंदबाजी कर रहे थे और इस वजह से उन्हें पसीना आ रहा था. ठंडी हवाओं से बचने के लिए शमी ने खुद पर सफेद तौलिया लपेटा.
मोहम्मद शमी टीम इंडिया के दूसरे गेंदबाजों से काफी ज्यादा आक्रामक और प्रभावी नजर आए. खेल के पांचवें दिन लंच तक शमी ने अपनी लेंग्थ काफी आगे रखी. शमी ने कीवी बल्लेबाजों को गेंद खेलने को मजबूर किया. शमी ने अपना पहला शिकार रॉस टेलर को बनाया. रॉस टेलर का शानदार कैच शुभमन गिल ने पकड़ा. इसके बाद शमी ने बीजे वॉटलिंग को बोल्ड कर कीवी टीम को पांचवां झटका दिया.

