तांत्रिक बाबा ने सपने में आकर किया महिला से रेप, महिला ने दर्ज कराई FIR
औरंगाबाद में एक अजब-गजब मामला सामने आया है। एक महिला ने तांत्रिक के खिलाफ थाने में शिकायत की है। उसने आरोप लगाया कि बाबा ने उससे सपने में कई बार रेप करने की कोशिश की है।


बताया है कि जनवरी में अपने बीमार बेटे के इलाज के लिए बाबा के पास गई थी। बाबा ने झाड़-फूंक किया और 15 दिनों की पूजा की विधि बताकर महिला को घर भेज दिया। इसके बाद वह सपने में आकर दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगा।
बाबा पर आरोप लगाने वाली महिला कुदवां थाना क्षेत्र की रहने वाली है। महिला गांधी मैदान के पास रहती है। महिला के अनुसार, बात यहीं खत्म नहीं हुई। 15 दिनों बाद बेटे की तबीयत बिगड़ गई और वह बच नहीं सका।
इसके बाद जब महिला बाबा के पास पहुंची तो वह रेप करने पर उतारू हो गया। विरोध करने पर उसने दूसरे बेटे को भी झाड़-फूंक कर जान से मार देने की धमकी दे दी।
महिला के इन आरोपों पर नगर थाने की पुलिस ने पहले प्रशांत चतुर्वेदी नाम के बाबा को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, बाबा ने महिला को पहचानने से इनकार कर दिया है। उसने कहा कि वह इस महिला से कभी नहीं मिला है।
इसके बाद नगर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार ने बाबा से बॉन्ड भरवाकर छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में न कोई गवाह मिला है, न कोई सबूत। इसलिए बाबा को फिलहाल जाने दिया गया है।
बाबा मूल रूप से गया का रहने वाला है और बीते करीब 20 वर्षों से कालीबाड़ी मंदिर में रह रहा है। पुलिस के अनुसार, मंदिर के आसपास के लोगों ने बाबा से झाड़-फूंक करवाने की बात कही है। हालांकि, किसी ने भी बाबा द्वारा कभी किसी महिला से दुर्व्यवहार करने की बात नहीं कही है।

