सेल्फी प्रेमी ध्यान दें: इस जिले में सेल्फी लेने पर लगाया गया प्रतिबंध, सेल्फी लेते हुए पकड़े जाने पर हो सकती है क़ानूनी कार्रवाई
अहमदाबाद: गुजरात (Gujarat) के डांग जिले (Dang District) की एक जगह पर सेल्फी (Selfie) लेते हुए पकड़े गए तो इसे अपराध माना जाएगा और पकड़े जाने पर क़ानूनी कार्रवाई हो सकती है. दरअसल, ऐसा सेल्फी के चक्कर में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से सेल्फी लेने को अपराध घोषित कर दिया गया है.


दक्षिण गुजरात में स्थित डांग पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय स्थान है. विशेष रूप से मॉनसून के समय यहां के सपुतारा हिल स्टेशन (Satpura Hill Station) और झरने को देखने बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं. कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में गिरावट के चलते लोग बारिश के मौसम में फिर से घूमने आने लगे हैं.
जिले के अतिरिक्त कलेक्टर टीडी डामोर ने बताया कि अगर डांग में लोगों को सेल्फी (Selfie) लेते देखा गया तो उनके खिलाफ आपराधिक प्रावधानों में कार्रवाई की जाएगी. अधिकारी ने कहा कि डांग में इस प्रकार के प्रतिबंध पिछले दो तीन सालों से थे और अब एक नई अधिसूचना जारी कर इनकी अवधि को विस्तार दे दिया गया है. डामोर ने कहा, “दुर्घटनाओं में कुछ लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हो गए हैं. इसे रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है.”
उन्होंने कहा, “खासकर युवा लोग अच्छी सेल्फी लेने के चक्कर में किसी भी हद तक चले जाते हैं और दुर्घटना हो जाती है. लोगों के खाई में गिरने और पानी में बहने की बहुत सी घटनाएं सामने आ चुकी हैं. कुछ मामलों में लोग मर भी गए और बहुत से लोग घायल हुए हैं.” अधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन ने विभिन्न पर्यटन स्थलों पर होर्डिंग लगा दी हैं जिन पर सेल्फी लेने के प्रति चेतावनी दी गई है.

