November 21, 2026

शर्मनाक हरकत: अवैध संबंध के आरोप में महिला को निर्वस्त्र कर घुमाया

duskarm mahila1

दाहोद: गुजरात में दाहोद जिले के धानपुर तालुका के खजूरी गांव में एक व्यक्ति के साथ अवैध संबंध रखने के आरोप में 23 वर्षीय आदिवासी महिला को उसके पति एवं गांव वालों ने सजा देते हुए कथित तौर पर उसे निर्वस्त्र कर घुमाया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।


धानपुर पुलिस थाने के उप निरीक्षक बीएम पटेल ने बताया कि इस कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया। यह घटना इस महीने के शुरुआत में हुई और मामला प्रकाश में आने के बाद मंगलवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पटेल ने बताया कि बुधवार को पीड़ित महिला के पति और 18 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक यह घटना 6 जुलाई को आदिवासी बहुल धानपुर तालुका के खजूरी गांव में हुई थी।

पटेल ने बताया कि वायरल वीडियो में पीड़ित महिला का पति और अन्य लोग उसे घसीटते, पिटाई करते और निर्वस्त्र कर घुमाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों में अधिकतर महिला के रिश्तेदार हैं और उन्होंने गांव की अन्य महिलाओं और बच्चों के सामने इस घटना को अंजाम दिया।

उन्होंने बताया कि महिला को सजा के तौर पर उसके पति को कंधे पर उठाकर चलने के लिए भी मजबूर किया गया।अधिकारी ने बताया कि वीडियो में कुछ महिलाएं पीड़िता को कपड़े से ढंकने का प्रयास करती दिख रही हैं जिन्हें आरोपी हटाता नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वीडियो में नजर आ रहे सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।(भाषा)


You may have missed