दो बसों की टक्कर में घायल हुए लोगों से अस्पताल में मिलने पहुंचे सोनू सूद, बोले- हर संभव सहायता करूंगा
चंडीगढ़: पंजाब (Punjab) के मोगा में दो बसों की टक्कर में शुक्रवार को घायल हुए लोगों का हालचाल पूछने के लिए बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद (Sonu Sood) अपनी बहन मालविका सूद (Malvika Sood) और बहनोई सच्चर गौतम के साथ मोगा के सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायल लोगों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया|


गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह मिनी बस में सवार कई कांग्रेसी कार्यकर्ता चंडीगढ़ में नवजोत सिंह सिद्धू की ताजपोशी में शामिल होने जा रहे थे. बस एक अन्य बस से टकरा गई और इसमें 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि हादसे में 20 लोग जख्मी हुए हैं. मृतकों में सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक फिरोजपुर के हल्का जीरा से कांग्रेसी विधायक कुलबीर सिंह जीरा के समर्थकों की एक मिनी बस चंडीगढ़ में होने वाले नवजोत सिंह सिद्धू की ताजपोशी में जा रही थी.
बस गांव लोहारा के पास अनियंत्रित होकर सामने से आ रही पंजाब रोडवेज मोगा डिपो की बस से टकरा गई. हादसा इतना भयानक था कि मिनी बस के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया, ‘यह जानकर दुख हुआ कि मोगा जिले में बस एक्सीडेंट हो गया. इसमें 3 कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के मारे जाने की खबर है. कई लोग घायल भी हुए हैं. मोगा के डिप्टी कमिश्नर को घायलों को मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने का आदेश दिया है. इस मामले में जांच की रिपोर्ट भी मांगी है.’

