April 29, 2026

सावधान! अनजान नंबर से वीडियो कॉल पड़ेगा भारी, 20 सैकेंड में हो सकते हैं ब्लैकमेलिंग के शिकार

anjaan

जयपुर: साइबर अपराधियों (Cyber criminal) ने अब वारदात का नया तरीका खोज लिया है. पहले सायबर ठग सोशल नेटवर्किंग (Social networking) साइट के जरिए दोस्ती करते हैं और फिर मौका देखकर ऐसा दांव चलते है कि पीड़ित न तो किसी को अपने साथ हुई वारदात के बारे में बता पाते हैं और ना ही पुलिस (police) से शिकायत कर पाता है. साइबर अपराधियों की एक वीडियो कॉल (Video call) से आपकी जिंदगी तहस-नहस हो सकती है. पांच सैंकंड से लेकर 20 सैंकड के बीच स्क्रीन पर दिखने वाली तस्वीर को आप जब तक समझेंगे तब तक आप सायबर वारदात के शिकार हो चुके होंगे. इन चंद सैंकंड के बीच आपकी स्क्रीन पर अचानक से किसी महिला की न्यूड तस्वीर सामने आएगी. आप ठिठकेंगे…गौर से देखेंगे…समझने की कोशिश करेंगे…और उस वक्त आप जो कुछ करेंगे सब कुछ रिकॉर्ड हो जाएगा.


ये रिकॉर्डिंग आपके लिए बहुत बड़ी मुश्किल खड़ी कर देगा. हो सकता है कि आपको कोई ब्लैकमेल कर पैसा मांगे. आप नहीं देंगे तो आपके परिवार और जान पहचान वालों को वीडियो भेज देगा. अगर आप तब भी नहीं माने तो सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल भी कर देगा. यानि चंद सैकंड में आपकी जिंदगी में तूफान आ जाएगा. हाल ही में राजधानी जयपुर में दो ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसमें पीड़ित के फेसबुक पर एक लडकी की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई. फोटो देखकर आकर्षित हुए पीड़ित ने भी बिना जाने पहचाने रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर ली.

वीडियो रिकॉर्डिंग के बाद ब्लैकमेलिंग शुरू
फिर कुछ ही दिनों में दोनों के बीच मैसेंजर पर चैट होनी शुरू हो गई. बातों ही बातों में लड़की ने उससे फोन नंबर मांग वीडियो कॉल पर बात करने की गुजारिश की. पीड़ित ने नंबर दिया और जब वीडियो कॉल आया तब सब कुछ खत्म हो गया. दरअसल, लड़की ने फोन किया और उस दौरान सामने सब कुछ न्यूड चल रहा था. पीडित कुछ समझ पाता तब तक रिकॉर्डिंग हो चुकी थी. उसके बाद ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू हो गया.

अलग-अलग नंबरों से कॉल कर मांगते हैं पैसा
पीडित शाहरुख (बदला हुआ नाम) ने बताया कि ऐसे खेल में पूरी गैंग काम कर रही थी. वीडियो कॉल के बाद अलग अलग लोगों के कॉल आए और पैसे ट्रांसफर करने को कहा. नहीं देने पर यूट्यूब, फेसबुक पर वीडियो अपलोड करने के साथ ही परिचितों को वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे.

ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग का नया तरीका
सायबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस प्रकार के मामले अब धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं. हालांकि शर्म के मारे कई लोग सामने नहीं आते हैं. सायबर एक्सपर्ट्स मुकेश चौधरी बताते हैं कि कई बार एक्साईटेड होकर पीड़ित भी न्यूड हो जाते हैं. इस प्रकार के वाकये अक्सर ऐसे लोगों के साथ होते हैं जो तकनीक को ज्यादा समझते परखते नहीं हैं. हालांकि एक्सपर्ट्स का कहना है कि ज्यादा पढ़े-लिखे लोग भी इस प्रकार के खेल में उलझ जाते हैं. हाल ही में एक डॉक्टर भी इस प्रकार के ब्लैकमेलिंग केस में फंस गया था. बाद में सायबर अपराधियों ने डॉक्टर की पत्नी को ही वीडियो भेज दिया और पैसे की डिमांड की.

न्यूड वीडियो के गैंग में महिलाएं भी शामिल
जानकारों का मानना है कि इस तरह की वारदातों में कुछ गैंग्स काम कर रही हैं. कई मामलों में पुरुष ही महिला का न्यूड वीडियो चला कर ठगी कर देते हैं तो कुछ मामलों में महिलाएं भी इस तरह के वारदातों में शामिल होती हैं. लेकिन खास बात यह है कि लोक लज्जा और शर्म के चलते इस प्रकार के मामले पुलिस में दर्ज नहीं हो पाते हैं और अपराधियों के हौंसले और बढ़ते जाते हैं.


You may have missed