April 18, 2026

खुश दिखने वाली महिलाओं को युवक ने मारा चाकू, चाकूबाजी की घटना में 10 लोग घायल

IMG_20210807_220822

जापान (Japan) की राजधानी टोक्यो (Tokyo) में एक ट्रेन के भीतर चाकूबाजी (Stabbing in Train) करने वाले हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. देर रात सामने आई चाकूबाजी की घटना में हमलावर ने 10 यात्रियों को चाकू मारकर घायल कर दिया था.


पब्लिक ब्रॉडकास्टर एनएचके ने बताया कि ये घटना शहर में चल रहे ओलंपिक खेलों (Tokyo Olympics) से संबंधित नहीं है. एनएचके ने बताया कि 36 वर्षीय हमलावर ने पुलिस को बताया कि वह खुश दिखाई देने वाली महिलाओं को मारना चाहता था. आरोपी ने कहा कि वह अपने टार्गेट को रैंडम तरीके से चुन रहा था.

एनएचके और जापानी मीडिया के मुताबिक, हमलावर की शुरुआती पीड़ित एक 20 वर्षीय महिला थी, जिसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. टोक्यो दमकल विभाग ने कहा कि 10 घायल यात्रियों में से नौ को पास के अस्पतालों में ले जाया गया, जबकि 10वां यात्री चलने में सक्षम था. दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी घायल होश में थे.

वर्तमान में टोक्यो में ओलंपिक खेल जारी हैं, जो रविवार को खत्म होने वाले हैं. बताया गया है कि चाकूबाजी की घटना मुख्य नेशनल स्टेडियम से लगभग 15 किलोमीटर दूर थी. एनएचके ने बताया कि भागते समय संदिग्ध ने अपना चाकू घटनास्थल पर ही छोड़ दिया.

आरोपी ने बताया आखिर ट्रेन के भीतर ही क्यों किया हमला?
मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि हमलावर लोगों को घायल करने के बाद एक स्टोर में चला गया. जहां उसने खुद को टीवी पर एक संदिग्ध के रूप में देखा और स्टोर के मैनेजर से कहने लगा कि वह भागते-भागते थक चुका है. इसके बाद स्टोर मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी और फिर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया.

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका इरादा उन महिलाओं को मारने का था, जो खुश नजर आ रही थीं. उसने बोगी में अपने बगल में बैठी एक महिला पर हमला भी किया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने ट्रेन के भीतर हमला करने की योजना इसलिए बनाई क्योंकि वहां पर वह अधिक संख्या में लोगों की हत्या कर सकता था.

ट्रेन में आग लगाना चाहता था आरोपी
एनएचके ने पुलिस के हवाले से बताया कि हमलावर के पास कुकिंग ऑयल और एक लाइटर भी था, जिसे वह अपने साथ ट्रेन में लेकर आया था, ताकि हमले के बाद आग लगाया जा सके. एक चश्मदीद ने बताया कि जब ट्रेन स्टेशन पर रुकी तो बड़ी संख्या में लोग चीखते हुए बोगी से बाहर निकले. वे मदद के लिए पुकार रहे थे.

एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि उसने लोगों को खून से लथपथ बाहर निकलते हुए देखा. वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही दर्जनों की संख्या में पैरामेडिक्स और पुलिस पहुंची. रेलवे ऑपरेटर ओडाक्यू इलेक्ट्रिक रेलवे कंपनी के मुताबिक, सिजोगाकुएन स्टेशन के पास चाकूबाजी की घटना हुई थी.


You may have missed