दोस्तों ने ही धकेल दिया देह व्यापर के धंधे में, BSF ने पकड़ा तो हुआ खुलासा
उत्तर 24 परगना जिले (North 24 Parganas) के सीमावर्ती इलाके में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने वेश्यावृति से निकल कर आई तीन बांग्लादेशी महिलाओं ( Bangladeshi Women) समेत कुल पांच लोगो को अवैध रूप से अंतरराष्ष्ट्रीय सीमा (International Border) पार करने के दौरान हिरासत में लिया. इन महिलाओं ने पूछताछ में जो खुलासा किया है, इससे इंसानियत भी शर्मसार हो गई है. दोस्तों ने ही उन्हें बांग्लादेश से भारत काम कराने का वादा करके लाया था, लेकिन यहां वेश्यावृति के नरक में ढकेल दिया.


बीएसएफ द्वारा जारी बयान के अनुसार 99 वीं वाहिनी की सीमा चौकी रानाघाट के जवानों ने खुफिया शाखा की सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें तीन महिलाएं भारत से बांग्लादेश जाते समय और एक महिला और एक पुरूष को बांग्लादेश से भारत आते समय गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलशुमन गाजी (काल्पनिक नाम) (उम्र 31वर्ष), जिला-खुलना, बांग्लादेश, आशिमा खातून (काल्पनिक नाम) (उम्र 27वर्ष) जिला–नरेल, बांग्लादेश और इति खानम (काल्पनिक नाम)(उम्र 29 वर्ष), जिला नारायणगंज, बांग्लादेश के रूप हुई है.
दोस्तों ने धकेला था देह व्यापार की दलदल में
पूछताछ करने पर तीनों महिलाओं ने बताया कि तीनों का तलाक हो चुका है और उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है. कुलसुमन गाजी (काल्पनिक नाम) की दोस्त स्वीटी, आशिमा खानम (काल्पनिक नाम) के दोस्त अनिल और इति खानम (काल्पनिक नाम) की दोस्त काजल ने उन्हें भारत में काम दिलाने के वादा किया और वे सभी अपने दोस्तों साथ भारत आईं थीं. उनके दोस्तों ने ही उन्हें वेश्यावृति के काम में धकेला था. उन्होंने बताया कि वे तीनों किसी न किसी तरह से वहां से निकलकर आई हैं. आज वे भारतीय दलाल सुदेव की मदद से बांग्लादेश जा रही थी. गिरफ्तार किए गए सभी व्यक्तियों को संबंधित पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया गया.
अवैध घुसपैठियों के खिलाफ सख्त हुई है बीएसएफ
संजीव कुमार, 99 वीं वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर ने बताया कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर गैर कानूनी आवागमन को रोकने के लिए सीमा सुरक्षा बल कड़े कदम उठा रही है, जिससे इस प्रकार के अपराधों में लिप्त व्यक्तियों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है और उनमें से कुछ पकड़े जा रहे हैं और उन्हें कानून के मुताबिक सजाएं हो रही हैं. गरीब और जरूरतमंद लड़कियों को अच्छे काम दिलाने के बहाने दलाल उन्हें देह व्यापार जैसे घिनौने कामों में धकेल कर भोली-भाली लड़कियों की जिंदगी खराब कर देते हैं.

