काम करने की सलाह देने पर कलयुगी बेटे ने मां को कमरे में बंद करके जमकर पिटा, महिला की उपचार के दौरान हुई मौत
धमतरी। जिले में एक कलयुगी बेटे ने काम करने की सलाह देने पर अपनी ही मां को मौत के घाट उतार दिया। दरअसल आरोपी ने अपनी मां की कमरे में बंद करके अधमरी स्थिति तक पिटाई की। जिसके बाद महिला को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई। मामला करेली बड़ी चौकी का है।


जानकारी के मुताबिक, मगरलोड के डमकाडीह निवासी राजेंद्र निषाद का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। घर की स्थिति को देखकर उसकी 50 साल की पत्नी यशोदा निषाद अपने बेटे मानव निषाद (26) को काम करने कहती थी।इसी बात को लेकर 4 सितंबर को एक बार फिर से मानव का कहा कि बेटा कोई काम किया कर, घूमना-फिरना बंद कर दे। इतना सुनते ही वह गुस्से में आ गया और उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना के वक्त योशादा की चीख सुनकर आस-पास के लोग उसके घर पहुंचे। तब तक मानव घर से भाग चुका था। उस वक्त आरोपी का पिता राजेंद्र निषाद भी घर पर नहीं था। आस-पास के लोगों ने किसी तरह घर के मेन गेट को तोड़ा और कमरे के अंदर घुसे। वहां यशोदा बेहद गंभीर हालत में पड़ी हुई थी। लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर शाम ही उसकी मौत हो गई।
डॉक्टर के मुताबिक, महिला के सिर में गंभीर चोटें आईं थीं और खून भी बह गया था, जिसके चलते उसकी मौत हुई है। सोमवार को मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी को उसी के गांव से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को पूछताछ में आरेापी ने बताया कि काम करने के लिए दबाव बनाने पर उसने अपनी मां की हत्या की है।आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

