लव मैरेज के दो साल बाद पत्नी को छोटे हाइट वाली कहकर पति ने किया घर से बाहर
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने लव मैरेज के दो साल बाद पत्नी को छोटे कद की बताकर घर से निकाल दिया।


आरोप है कि पति और उसके घरवालों ने महिला के साथ मारपीट भी की। महिला अब अपने लिए इंसाफ की गुहार लगा रही है। उनका कहना है कि पिछले कई दिनों से पति से विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पति अक्सर उन्हें छोटे कद की बताकर ताना देते थे। इस पर आपत्ति जताने पर मारपीट पर उतर आते थे। महिला का कहना है कि उनकी लव मैरेज हुई थी।
शुरू में तो सब कुछ ठीक-ठाक चला। जिंदगी खुशहाल चल रही थी। फिर धीरे-धीरे पति का व्यवहार बदलने लगा। वह उनके छोटे कद को लेकर ताना देने लगे। महिला का आरोप है कि ससुराल के अन्य लोगों का व्यवहार भी उनके प्रति ठीक नहीं था। पति का व्यवहार दिन ब दिन खराब होने लगा। पिछले कई दिनों से वह एकदम बदल गए थे। दोनों के बीच बात इतनी बढ़ी कि पति और ससुराल वालों ने मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया।
परिवारीजनों ने थाने पर किया हंगामा
महिला को ससुराल से निकाले जाने की खबर जब मायके वालों को हुई तो उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। मायके वाले महिला को लेकर थाना ब्रह्मपुरी पहुंचे। बताया जा रहा है वहां कुछ हंगामा भी हुआ। बाद में पुलिस ने ससुराल वालों को बुलाकर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया।

