कांग्रेस प्रभारी पुनिया का बड़ा बयान, कहा- ढाई-ढाई साल का मुख्यमंत्री हमारे लिए
रायपुर। राजधानी रायपुर के राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक हुई. कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने विधायकों की बयानबाजी और अनुशासहीनता पर कहा कि जो अनुशासनहीनता के दायरे में होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी. हर बयान संज्ञान लेना जरूरी नहीं है.


बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि बैठक में मुख्य रूप से सत्ता, संगठन और विधायकों के बीच सामंजस्य बिठाने को लेकर चर्चा हुई. इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में लगातार हो रही अनबन को लेकर कहा कि उनकी समस्याओं पर भी चर्चा हुई है. आखिर उन्हें क्या समस्याएं आ रही है ?
वही प्रभारी पीएल पुनिया ने गुरुवार को फिर यह दोहराया है कि ढाई-ढाई साल का मुख्यमंत्री कांग्रेस के लिए कोई मुद्दा नहीं है। राजीव भवन में सीएम भूपेश बघेल, पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम और पदाधिकारियों से बैठक के बाद जब मीडिया ने यह सवाल किया कि पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने उनसे सवाल किया है कि यह स्पष्ट कर दें कि ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री पर पार्टी का क्या स्टैंड है।
इस पर पुनिया ने कहा कि हमारे लिए ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री जैसा कोई मुद्दा नहीं है, यह भाजपा के लिए मुद्दा हो सकता है। विधायकों की अनुशासनहीनता के संबंध में पूछे गए सवाल पर पुनिया ने कहा कि विधायकों के बयान से जनता को कोई फर्क नहीं पड़ता है। पुनिया ने यहां तक कह दिया कि हर बयान को संज्ञान में लिया जाए या नोटिस जारी किया जाए, यह जरूरी नहीं है। इस तरह यह भी स्पष्ट हो गया कि कुछ विधायकों द्वारा मंत्रियों के खिलाफ बयान और दिल्ली दौरे पर कोई कार्रवाई नहीं होने वाली है।
सत्ता-संगठन के बीच समन्वय पर जोर
राजीव भवन में हुई बैठक में सत्ता और संगठन के बीच समन्वय पर जोर दिया गया। 2023 में होने वाले चुनाव के मद्देनजर बूथ कमेटियों के गठन और प्रशिक्षण पर बात की गई। आज प्रदेश प्रभारी पुनिया के अनुमोदन के बाद कुछ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की नियुक्तियां की गई हैं।
इसके अनुसार सुषमा यादव वाड्रफनगर, हरगोविंद अग्रवाल पत्थलगांव, पवन ठाकुर छुरा, प्रेम सोनवानी गरियाबंद नगर, सुनील कुर्रे पलारी, रामरतन कौशिक रतनपुर, तामेश्वर साहू गुरूर और नरेश पाटले को लोरमी ब्लॉक का अध्यक्ष बनाया गया है।

