August 19, 2026

मौसम विभाग ने जारी की अगले दो दिन में कई राज्‍यों में भारी बारिश की चेतावनी

badal

नई दिल्ली. मौसम (Weather) में अब तेजी से बदलाव होता दिखाई देने लगा है. रात में तापमान में जारी गिरावट के बीच मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिन में कई राज्‍यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है. मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक देश के प्रायद्वीप हिस्से में भारी बारिश (Heavy Rain) का अनुमान जताया गया है.


IMD ने बताया है कि पूर्व मध्य अरब सागर (Arabian Sea) के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है, जिसका असर कई राज्‍यों में देखने को मिलेगा. अगले पांच दिनों तक दक्षिण भारत और अगले दो दिन में महाराष्‍ट्र में कहीं-कहीं भारी से मध्‍यम बारिश का अनुमान जताया गया है.

बता दें कि दो दिन पहले ही मौसम विभाग ने केरल के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. आईएमडी की ओर से ऐसा अनुमान जताया गया है कि आज केरल में भारी बारिश हो सकती है. कोल्लम, कोट्टायम, अलप्पुझा, एर्णाकुलम, पथनमथिट्टा और इडुक्की जिलों में आज भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. यही नहीं मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव को देखते हुए तिरूवनंतपुरम, पलक्कड, मलप्पुरम एवं कोझिकोड में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक चक्रवाती परिसंचरण पूर्व मध्य अरब सागर के ऊपर बना हुआ है. इसके चलते अगले 24 घंटे में उसी क्षेत्र में निम्‍न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई है. देश के कई हिस्‍सों में अगले 24 घंटे में 20 सेमी से अधिक बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4 दिनों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 40-50 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी और बारिश होगी. इसके साथ ही अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है. 15 अक्टूबर से पूर्वी भारत और इससे सटे मध्य भारत में तेज बारिश की संभावना है.

मौसम विभाग के मुताबिक कई राज्‍यों में अब मानसून वापस जा रहा है, जिसका असर सीधे तौर पर मानसून पर दिखाई पड़ रहा है. दक्षिण भारत के राज्यों में हो रही बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है. मौसम विभाग के मुताबिक केरल, कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में अभी और बारिश का सिलसिला जारी है. कर्नाटक के तटीय इलाकों में 11 से 13 अक्तूबर तक और उत्तरी हिस्से में 12 और 13 अक्तूबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.


You may have missed