अच्छी खबर: त्योहारी सीजन में खाने का तेल हो जाएगा सस्ता! केंद्र सरकार ने दिया राज्यों को ये बड़ा आदेश
नई दिल्ली. आम आदमी के लिए जरूरी खबर आ रही है. इस त्योहारी सीजन में खाने का तेल सस्ता हो सकता है. जी हां.. खाना पकाने के तेल की कीमतें घट सकती है. दरअसल, फेस्टिव सीजन पर आम लोगों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार पूरी तैयारी में है.


केंद्र सरकार ने राज्यों को इस त्योहारी सीजन में ग्राहकों को “तुरंत” आयात शुल्क में कटौती के लाभों को पारित करने के लिए कहा है. इससे पहले, केंद्र सरकार ने कच्चे तेल की किस्मों पर मूल सीमा शुल्क को समाप्त करने का फैसला लिया था. आसान शब्दों में कहे तो सरकार ने पाम और सन फ्लॉवर ऑयल पर एग्री सेस और कस्टम ड्यूटी को घटा दिया है.
जानिए कितना घट गया शुल्क
सरकार ने पाम, सोयाबीन और सूरजमुखी के तेल की कच्ची किस्मों पर मार्च, 2022 तक के लिए कृषि उपकर में कटौती की. इसके अलावा इनपर कृषि उपकर में भी कटौती की गई है. यह एक ऐसा कदम है जो त्योहारी मौसम में खाद्य तेलों की कीमतों को कम करने और घरेलू उपलब्धता को बढ़ाने में मदद करेगा.कच्चे पाम तेल, कच्चे सोयाबीन तेल और कच्चे सूरजमुखी तेल पर मूल शुल्क 2.5 प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दिया गया है. कच्चे पाम तेल के लिए कृषि उपकर 20 प्रतिशत से घटाकर 7.5 प्रतिशत और कच्चे सोयाबीन तेल व कच्चे सूरजमुखी तेल के लिए 5 प्रतिशत कर दिया गया है.
किस पर कितनी हुई टैक्स में कटौती
सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, खाद्य तेल पर कस्टम ड्यूटी में कटौती की है. साथ ही एग्री सेस भी घटाया है. हाल में जारी परिपत्र के मुताबिक, क्रूड पाम तेल पर ड्यूटी घटाकर 8.25% (पहले 24.75%) , RBD पामोलीन पर 19.25 (पहले 35.75), RBD पाम तेल पर 19.25 (पहले 35.75), क्रूड सोया तेल पर 5.5 (पहले 24.75), रिफाइंड सोया तेल पर 19.5 (पहले 35.75), क्रूड सूरजमुखी तेल पर 5.5 (पहले 24.75) और रिफाइंड सूरजमुखी तेल पर 19.25 (पहले 35.75) की गई.
ड्यूटी घटाए जाने से CPO के भाव में 14,114.27, RBD के 14526.45, सोया तेल के 19351.95 रुपए प्रति टन घटे है. बता दें कि शुल्क में कटौती 14 अक्टूबर से प्रभावी हो गई है और यह 31 मार्च, 2022 तक लागू रहेगी.

