नए वेरिएंट का कहर: न्यूयॉर्क में ‘डिजास्टर इमरजेंसी’ घोषित, इधर दक्षिण अफ्रीका से लौटे पांच सदस्य पॉजिटिव
अमेरिका के राज्य न्यूयॉर्क में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ने से चिंताएं भी बढ़ गई हैं. स्थिति को देखते हुए गवर्नर ने ‘डिजास्टर इमरजेंसी’ घोषित कर दी है. गवर्नर ने संक्रमण दर में आई बढ़ोतरी और अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में आई तेजी का हवाला देते हुए राज्य में ‘डिजास्टर इमरजेंसी’ का ऐलान कर दिया. गवर्नर के आदेश का शीर्षक- “न्यूयॉर्क राज्य में आपदा आपातकाल की घोषणा” है.


आदेश में क्या लिखा है?
आदेश में लिखा है, “मैं, कैथी होचुल, न्यूयॉर्क राज्य की गवर्नर, संविधान और न्यूयॉर्क राज्य के कानूनों द्वारा मुझमें निहित अधिकार के आधार पर, कार्यकारी कानून के अनुच्छेद 2-बी की धारा 28 के अनुसार मैंने पाया कि न्यूयॉर्क राज्य में एक आपदा आई है, जिसके लिए प्रभावित स्थानीय सरकारें पर्याप्त रूप से प्रतिक्रिया में असमर्थ हैं, और मैं 15 जनवरी 2022 तक पूरे न्यूयॉर्क राज्य के लिए एक राज्य आपदा आपातकाल की घोषणा करती हूं.”
इटली और जर्मनी में कोरोना वायरस संक्रमण के नए स्वरूप ओमीक्रोन के मामलों की पुष्टि हुई है। इतालवी समाचार एजेंसी ला प्रेसे ने बताया कि अफ्रीकी देश मोजाम्बिक से लौटा व्यक्ति ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित पाया गया है। एजेंसी ने बताया कि यह व्यक्ति एक कारोबारी है और 11 नवंबर को नेपल्स के निकट स्थित अपने घर लौटा था।
ला प्रेसे के मुताबिक कारोबारी के परिवार के पांच सदस्य भी वायरस के नए स्वरूप से संक्रमित पाए गए हैं जिनमें दो स्कूली बच्चे में भी शामिल है। सभी संक्रमितों को नेपल्स के उपनगर कैसरटा में पृथक-वास में रखा गया है और सभी में संक्रमण के हल्के लक्षण हैं व उनकी हालत ठीक है।
मिलान के सैको अस्पताल और इटली के राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान ने भी व्यक्ति के ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित होने की पुष्टि की है और कहा कि उसे टीके की दोनों खुराक लग चुकी थी।

