तंबाकू स्मोकिंग को लेकर सरकार की एक अनूठी योजना: इस उम्र के युवा नहीं खरीद पाएंगे तंबाकू
न्यूजीलैंड की सरकार तंबाकू स्मोकिंग को लेकर एक अनूठी योजना लेकर आई है, जिसके तहत 14 साल या उससे कम उम्र के युवाओं द्वारा तंबाकू की खरीद पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की प्लानिंग हो रही है. इस योजना के लागू होने के बाद 14 साल से कम उम्र के युवा लाइफटाइम कानूनी रूप से तंबाकू नहीं खरीद पाएंगे.


सरकार ने गुरुवार को घोषणा की है कि नए कानून के तहत अगले साल से सिगरेट खरीदने की न्यूनतम उम्र साल दर साल बढ़ती रहेगी. सहयोगी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. आयशा वेराल ने गुरुवार को जानकारी दी, ‘नए कानून के प्रावधानों के तहत स्मोकिंग की कानूनी उम्र हर साल बढ़ेगी, ताकि न्यूजीलैंड की आने वाली पीढ़ी को धूम्रपान मुक्त बनाया जा सके.’ उन्होंने कहा, ‘यह हमारे नागरिकों के हेल्थ के लिए एक ऐतिहासिक दिन है.’
देश को ‘स्मोकिंग फ्री’ बनाने का लक्ष्य
सरकार ने अगले चार सालों के अंदर देश को पूरी तरह से धूम्रपान मुक्त बनाने के अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए तंबाकू स्मोकिंग पर पाबंदी लगाने की घोषणा की है. दरअसल, यह योजना 2025 तक न्यूजीलैंड में धूम्रपान के स्तर को 5 प्रतिशत से कम करने का लक्ष्य निर्धारित करती है. अधिकारियों को उम्मीद है कि इस पहल से दशकों पहले से चले आ रहे धूम्रपान की प्रथा को देश से खत्म किया जा सकेगा.
वेराल ने कहा, ‘हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि देश का एक भी युवा कभी स्मोकिंग न करे. यही वजह है कि हम स्मोकिंग वाले तंबाकू प्रोडक्ट को बेचने या इसकी सप्लाई करने के कृत्य को अपराध की श्रेणी में शामिल कर देंगे. यह कानून के लागू होने के बाद 14 साल की उम्र के युवा कभी भी कानूनी तौर पर तंबाकू नहीं खरीद पाएंगे.’ गौरतलब है कि न्यूजीलैंड में डेली स्मोकिंग रेट समय के साथ गिर रही है.
न्यूजीलैंड में डेली स्मोकिंग रेट का प्रतिशत गिरा
एक दशक पहले यहां डेली स्मोकिंग रेट 18 प्रतिशत था, जबकि यह साल 2018 में 11.6 प्रतिशत हो गया. हालांकि माओरी और पैसिफिका के लिए धूम्रपान की दर कहीं ज्यादा यानी माओरी के लिए 29 प्रतिशत और पैसिफिका के लिए 18 प्रतिशत थी. इस योजना में- केवल कम निकोटीन के स्तर वाले तंबाकू उत्पादों को बिक्री की इजाजत देना और उन्हें बेचने वाले स्टोरों की संख्या में कमी लाना शामिल है.

