April 23, 2026

ओमीक्रॉन और लॉकडाउन ने नए साल का जश्न किया फीका, लगाया गया एक बार फिर लॉकडाउन

lock2

नई दिल्ली: भारत में दिनोंदिन कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के मामले बढ़ रहे हैं. इससे चिंता की स्थिति बनती जा रही है. महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के छह और नए मामले सामने आने व ब्रिटेन से हाल में गुजरात लौटे 45 वर्षीय एक अनिवासी भारतीय और एक किशोर के भी कोरोना वायरस के इस स्वरूप से संक्रमित पाए जाने के बाद भारत में इसके कुल मामले बढ़कर रविवार को 151 हो गए.


महाराष्‍ट्र में सबसे अधिक केस
केंद्र और राज्य के अधिकारियों के अनुसार अब तक 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों- महाराष्ट्र (54), दिल्ली (22), राजस्थान (17), कर्नाटक (14), तेलंगाना (20), केरल (11), गुजरात (9), आंध्र प्रदेश (1), चंडीगढ़ (1), तमिलनाडु (1) और पश्चिम बंगाल (1) में ओमिक्रॉन के मरीजों का पता चला है.

लॉकडाउन का ऐलान–
साल 2020 की तरह ही 2021 में भी नीदरलैंड में क्रिसमस और नए साल का जश्न फीका रहेगा। दरअसल, सार्स-कोव-2 वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के बढ़ते खतरे को देखते हुए नीदरलैंड में रविवार से एक बार फिर लॉकडाउन लगा दिया गया। प्रधानमंत्री मार्क रुत ने शनिवार रात देश के सभी क्रिसमस बाजार बंद करने की घोषणा की। उन्होंने होटल-रेस्तरां, नाइट क्लब, जिम, म्यूजियम, सैलून आदि सार्वजनिक स्थलों को भी कम से कम 14 जनवरी तक न खोलने का आदेश जारी किया।

लॉकडाउन के ऐलान के साथ ही नीदरलैंड के बाजारों में खरीदारों का हुजूम उमड़ पड़ा। दुकानों में खाने-पीने के सामान से लेकर क्रिसमस और नए साल पर दिए जाने वाले तोहफे खरीदने की होड़-सी दिखी। ब्यूटी पार्लर और सैलून के बाहर भी लंबी कतारें नजर आईं। लोग त्योहार से पहले अपना रंग-रूप और हेयरस्टाइल निखारने की कवायद में जुटे दिखे। इस बीच, हॉस्पिटेलिटी उद्योग ने त्योहारी मौसम में लॉकडाउन से होने वाले नुकसान के बदले सरकार से क्षतिपूर्ति की मांग की। वहीं, जिम संचालकों ने कोरोनाकाल में व्यायाम की अहमियत बताते हुए जिम और फिटनेस क्लब न बंद करने की अपील की।

स्कूल एक हफ्ते पहले बंद
-नीदरलैंड में सभी स्कूल क्रिसमस की छुट्टियां शुरू होने से एक हफ्ते पहले से ही बंद कर दिए गए। इन्हें कम से कम नौ जनवरी तक नहीं खोला जाएगा। वहीं, लोगों को क्रिससम और नए साल पर घर पर दो से ज्यादा मेहमानों को आमंत्रित न करने की सलाह दी गई है। सार्वजनिक स्थलों पर भी एक साथ दो से ज्यादा लोगों के जुटने पर पाबंदी लगा दी गई है।

‘बूस्टर डोज लगाने में तेजी
-60 साल से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों को दिसंबर के अंत तक ‘बूस्टर डोज लगाने का लक्ष्य
-85% से अधिक वयस्क आबादी का पूर्ण टीकाकरण हुआ, पर 9% को ही बूस्टर खुराक लग पाई

लंदन के मेयर सादिक खान ने रविवार को बताया कि देश एक बार फिर स्वास्थ्य आपातकाल का सामना कर रहा है। अस्पतालों में कोरोना संक्रमितों के भर्ती होने के मामले 30 फीसदी तक बढ़ गए हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में सख्ती बढ़ना तय है। ऐसा न हुआ तो राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (एनएचएस) पूरी तरह से चरमराने की कगार पर पहुंच जाएगी। ब्रिटेन में शनिवार को ओमीक्रोन संक्रमण के 10059 मामले दर्ज किए गए। यह आंकड़ा शुक्रवार को रिकॉर्ड 3201 मामलों का लगभग तीन गुना है। देश में ओमीक्रोन से मरने वालों की संख्या भी शनिवार को सात पर पहुंच गई।

जर्मनी ने यात्रा प्रतिबंध बढ़ाए
विएना। जर्मनी ने ब्रिटेन में ओमीक्रोन के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए वहां से आने वाले लोगों पर यात्रा प्रतिबंध और कड़े कर दिए हैं। देश के राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र ने शनिवार रात ब्रिटेन को ‘वायरस वेरिएंट एरिया सूची में डाल दिया। इससे ब्रिटेन से जर्मनी पहुंचने वाले सभी यात्रियों के लिए कम से कम 14 दिन पृथकवास में रहना अनिवार्य होगा। फिर चाहे उन्हें कोविड-19 टीके की पूर्ण खुराक क्यों न हासिल हो रखी हो।

ऑस्ट्रेलिया में मास्क दोबारा अनिवार्य करने की मांग
मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स में रविवार को कोरोना के 2566 नए मामले दर्ज किए गए। इनमें से 313 मामलों में ओमीक्रोन संक्रमण की पुष्टि हो गई है, जबकि अन्य में जीनोम सीक्वेंसिंग की रिपोर्ट आना बाकी है। ओमीक्रोन के बढ़ते खतरे को देखते हुए बंद जगहों पर मास्क को एक बार फिर अनिवार्य करने की मांग तेज होने लगी है। वहीं, कुछ विशेषज्ञ सार्वजनिक स्थलों पर प्रवेश की अनुमति देने के लिए क्यूआर कोड व्यवस्था लागू करने पर जोर दे रहे हैं।


You may have missed