भारत के दिग्गज ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने लिया संन्यास, भारत के लिए 23 साल में लिए 711 विकेट
नई दिल्ली: भारत के दिग्गज ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने शुक्रवार (24 दिसंबर) को सोशल मीडिया पर अपने संन्यास का एलान किया। हरभजन ने भारत के लिए 23 साल में 711 विकेट लिए। हरभजन ने संन्यास का एलान करते हुए ट्विटर पर लिखा- सभी अच्छी चीजें खत्म हो जाती हैं और आज जब मैं उस खेल से विदा लेता हूं। इस खेल ने मुझे जीवन में सब कुछ दिया है। मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने इस 23 साल की लंबी यात्रा को सुंदर और यादगार बनाया।


आईपीएल टीम के कोच बन सकते हैं भज्जी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हरभजन किसी आईपीएल टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बन सकते हैं। भज्जी ने भले ही 41 साल की उम्र में संन्यास का एलान किया हो, लेकिन वे लंबे समय से भारत के लिए कोई मैच नहीं खेले थे। उन्होंने भारत के लिए आखिरी मैच साल 2016 में खेला था। लंबे समय से उनके संन्यास की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब उन्होंने आधिकारिक तौर पर इसका एलान कर दिया है। ऐसे में पूरी संभावना है कि उन्हें किसी टीम के कोचिंग स्टाफ में जगह दी जाएगी।

