अवैध संबंध में रोड़ा बन रही तीन साल की मासूम को दादी के प्रेमी ने उतारा मौत के घाट
नोएडाः उत्तर प्रदेश के नोएडा में बुजुर्ग दादी के अवैध संबंधों में बाधा बन रही तीन साल की मासूम बच्ची की दादी के 50 साल के प्रेमी ने कथित तौर पर निर्मम तरीके से हत्या कर दी। पुलिस ने बच्ची के दादी के प्रेमी को सोमवार को गिरफ्तार किया. पुलिस के एक अधिकारी ने बतााय कि इस मामले में बच्ची की दादी की भूमिका की जांच की जा रही है.


बच्ची का मिला था शव
पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) हरीश चंदर ने बताया कि थाना फेस-2 क्षेत्र के इलाहाबास गांव में 28 दिसंबर को एक निर्माणाधीन मकान में तीन वर्षीय बच्ची मृत अवस्था में मिली थी. बच्ची की दादी ने 25 दिसंबर को थाना फेस-2 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, कि वह घर से लापता है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर रही पुलिस ने आज हेमंत (करीब 50 वर्ष) नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.
अवैध संबंध छिपाने के लिए हत्या
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि हेमंत और बच्ची की दादी के बीच अवैध संबंध थे. हेमंत बच्ची की दादी से शादी करना चाहता था. उन्होंने बताया कि बच्ची का पिता हत्या के मामले में जेल में बंद है जबकि उसकी मां उसे छोड़कर अपने मायके चली गई थी.
बच्ची बन रही थी बाधा
उन्होंने बताया कि अवैध संबंध के बीच बाधा बन रही बच्ची को रास्ते से हटाने के लिए उसकी दादी तथा उसके प्रेमी ने षड्यंत्र रचा. अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है, कि घटना वाले दिन हेमंत बच्ची को लेकर इलाहाबास गांव की तरफ गया था.
बच्ची की दादी की भूमिका कि की जा रही जांच
उन्होंने बताया कि आरोपी ने बच्ची की हत्या करने से पहले उसके साथ बलात्कार किया था. उन्होंने बताया कि इस मामले में धारा 376 तथा 377 की बढ़ोतरी की गई है. उन्होंने बताया कि पुलिस बच्ची की दादी की भूमिका की जांच कर रही है.

