Weather Update : कड़ाके की ठंड के बीच छत्तीसगढ़ समेत इन राज्यों में होने जा रही बारिश
रायपुर। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी और गर्म हवाओं का आगमन निरंतर जारी है। एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक स्थित है। इसके अनुसार प्रदेश में 15 जनवरी से मौसम में सुधार होने की संभावना है। गुरुवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छीटें पडने की सम्भावना है। प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ ओला गिरने तथा आकाशीय बिजली गिरने की भी सम्भावना है। वर्षा मुख्यतः दक्षिण छत्तीसगढ़ में होने की सम्भावना है। साथ ही प्रदेश के उत्तरी भाग में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छीटें पड़ सकते हैं। प्रदेश के उत्तरी भाग में अधिकतम तापमानों में वृद्धि सम्भावित है, जबकि शेष भागों में विशेष परिवर्तन होने की सम्भावना नहीं है।


उत्तर प्रदेश और हरियाणा में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने गुरुवार की सुबह ट्वीट कर जानकारी देते हुए बताया कि अगले दो घंटों के दौरान हरियाणा के कुरुक्षेत्र और करनाल के अलावा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, देवबंद, मुजफ्फरनगर और शामली के आसपास क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने यूपी के मेरठ में भी बारिश की संभावना जताई थी।
इन राज्यों में भी बारिश के आसार
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में 14 जनवरी तक हल्की/मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ और विदर्भ में इस दौरान मध्य बारिश हो सकती है। वहीं अगले चार-पांच दिनों के दौरान पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल में भी भारी बारिश के आसार हैं।
राजधानी दिल्ली में आज सुबह विजिबिलिटी कम
राजधानी दिल्ली में आज सुबह कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी कम हुई। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
भारत के इन राज्यों में शीतलहर
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर के आसार हैं। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आएगी। 13 से 15 जनवरी के बीच पंजाब, उत्तरी राजस्थान, हरियाणा और चंडीगढ़ में अलग-अलग इलाकों में शीत लहर रह सकती है।

