आपरेशन गंगा ने पकड़ा जोर, 30 और छत्तीसगढ़िया छात्रों की वतन वापसी
रायपुर। रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन का कोपभाजन बने देश यूक्रेन में फंसे छत्तीसगढ़ के 30 मेडिकल स्टूडेंट्स गुरुवार को नई दिल्ली लौटे आए हैं। इनको मिलाकर अब प्रदेश के 69 छात्रों की यूक्रेन से सकुशल वतन वापसी हुई है। राज्य सरकार ने इन विद्यार्थियों को दिल्ली से छत्तीसगढ़ तक लाने की व्यवस्था की है। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ऑपरेशन गंगा के माध्यम से यूक्रेन में फंसे भारतीयों को पड़ोसी देशों के रास्ते वापसी करा रही है। पिछले दो-तीन दिनों में इस अभियान ने और गति पकड़ी है। इसमें छत्तीसगढ़ के स्टूडेंट और नागरिक भी वहां से लौट रहे हैं।


दिल्ली में स्थित छत्तीसगढ़ सदन से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश के 30 छात्र यूक्रेन से वापस लौटे हैं। इसमें रायपुर जिले के ही 9 स्टूडेंट्स शामिल हैं। साक्षी अग्रवाल, बोइदी आयुश्री, अमल पिल्लई, आद्यशा मोहंती, जगदीश साहू, भुवन रायकवार, अपूर्वा वर्मा, अफसार अंसारी और अभिजीत वानी शामिल हैं। दल्लीराजहरा के हेमंत कुमार साहू, महासमुंद के कमलेश साहू, आकाश तिवारी, रायगढ़ के ओमप्रकाश पटेल, समीर कुमार भोई, अभिषेक सिंह भी आए हैं। वहीं राजनांदगांव की ऋषिका घोष, संजना श्रीवास्तव, दुर्ग के दिव्यांश दुबे, चिरमिरी के संदीप कुमार डेविड, अभिषेक कुमार पटेल, प्रांजल तिवारी, अम्बिकापुर के शिवम सिंह, बिलासपुर की रिया अदिति, जांजगीर के चन्द्र प्रकाश राठौर, तुषार गिरी गोस्वामी, शुभम कुमार, निहारिका गवेल, धर्मजयगढ़ की शिफा खुर्शीद और कोरबा के अयान चक्रवर्ती शामिल हैं।
दिल्ली से रायपुर लाने का खर्च उठा रही प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ सदन से मिली जानकारी के मुताबिक यूक्रेन से वापस आए स्टूडेंट्स को कुछ देर छत्तीसगढ़ भवन में ठहराकर खाना, आराम आदि कराने के बाद रायपुर की फ्लाइट से रवाना किया गया है। नई दिल्ली के छत्तीसगढ़ सदन में सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। इन छात्रों को वाहन, आवास और भोजन की सुविधा प्रदान की जा रही है। इसके अलावा छात्रों को उनके गृहनगर वापस लाने के लिए हवाई टिकट सहित सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है।

