May 9, 2026

बहू ने खाने में डाला लहसुन और प्याज तो सास ने दर्ज करा दी FIR

khane me lahsun

नोएडा: सास ने अपनी बहु के खिलाफ थाने में इसलिए शिकायत दर्ज करा दी क्योकि उसने खाने में लहसुन और प्याज मिला दिया था। सास का आरोप है कि बेटे के ऑफिस जाने के बाद बहू उससे मारपीट करती है। बगैर स्नान किए मंदिर को हाथ लगाती है। सास की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि सेक्टर-17 स्थित भारत हैवी इलेक्ट्रिक लिमिटेड (भेल) सोसाइटी में बनारसी देवी बेटे और बहू के साथ रहती हैं। बेटा भेल में अधिकारी है। बनारसी देवी के बेटे ने वर्ष 2020 में एक मैट्रोमोनियल साइट के माध्यम से मध्य प्रदेश निवासी हर्षिका से शादी की थी। पुलिस को दी शिकायत मे बनारसी देवी ने कहा है कि बेटे के ऑफिस जाने के बाद हर्षिका उसे परेशान करती है। मारपीट भी करती है। आरोप है कि बहू ने घर में रखे आभूषण और नकदी बिना बताए निकाल लिए। आरोप है कि सास को परेशान करने के लिए बहू खाने में लहसुन-प्याज डाल देती है। जबकि वह लहसुन प्याज नहीं खाती है। सास ने रसोई में जूठा खाना रखने का भी आरोप लगाया है।

शिकायत में कहा गया है कि फरवरी 2021 में वह घर से बाहर थी। इस दौरान बहू ने आलमारी में रखे 50 ग्राम सोने के आभूषण और 20 हजार की नकदी निकाल ली। आरोप है कि लौटने के बाद सास के विरोध करने पर बहू ने उसे धक्का देकर कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान बहू ने जान से मारने की धमकी भी दी। इससे पहले भी महिला पुलिस से कई बार शिकायत कर चुकी है। घटना के बाद बेटे ने भी पत्नी को समझाने का प्रयास किया लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। आरोप है कि कुछ दिनों पहले घर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे लेकिन हर्षिका ने सीसीटीवी भी तोड़ दिए। एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है।


You may have missed