May 8, 2026

परीक्षा में नकल करते पकड़ी गई छात्रा, फिर खुद को आग लगाकर कर ली आत्महत्या

aaag

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, यहां एक 10वीं की छात्रा ने बुधवार देर रात खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्रा 10वीं की परीक्षा में नकल करते पकड़ी गई थी। घर लौटने के बाद वह रात को छत पर गई और वहीं आग लगा ली। चीख-पुकार सुनकर परिजन पहुंचे, लेकिन तब तक वह आग की लपटों में बुरी तरह घिर चुकी थी। सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।


पामगढ़ क्षेत्र के धाराशिव की रहने वाली ललिता धीवर (16) पुत्री गोरेलाल धीवर बुधवार देर रात अपने घर की छत पर पहुंची और आग लगा ली। परिजनों ने जब उसकी चीख पुकार सुनी तो दौड़कर छत पर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। ललिता आग की लपटों से बुरी तरह से घिरी हुई बेसुध जमीन पर पड़ी थी। परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक ललिता ने दम तोड़ दिया था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि ललिता 10वीं क्लास में पढ़ती थी। 8 मार्च को उसका शासकीय हाईस्कूल धाराशिव में सामाजिक विज्ञान का पेपर था। इस परीक्षा में वह नकल करते हुए पकड़ी गई, जिसके बाद एग्जामिनर ने नकल प्रकरण बना दिया था। परीक्षा के बाद ललिता घर लौटी तो काफी दुखी थी। वह गुमसुम रहती और किसी से बात नहीं कर रही थी। इसके बाद देर रात उसने जान दे दी।


You may have missed