June 28, 2026

रायपुर में होली को लेकर गाइडलाइन जारी: मुखौटा और स्प्रे बैन, 250 बदमाश जाएंगे जेल

holi me mukhauta

रायपुर: होली त्यौहार के मद्देनजर रायपुर पुलिस ने गाइडलाइन जारी किया है। नियमों के तहत लापरवाही पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी जारी किया है। वहीं पुलिस ने करीब 250 गुंडा-बदमाशों की लिस्ट तैयार की गई हैं, जिन्हें जेल भेजा जाएगा। मुखौटा लगाकर कोई बदमाशी न कर सके, इस कारण मुखौटों और स्प्रे पर प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस ने हेल्प लाइन नंबर जारी किया है, जिसमें हुड़दंगियों को देखकर कॉल किया जा सकता है। 94791-91099 पर कॉल करके शिकायत दर्ज की जा सकेगी।


राजधानी के 250 से ज्यादा बदमाशों की होली इस बार जेल में होगी। हर थाने में 10 से ज्यादा गुंडा-बदमाश, निगरानी और वारंटी की सूची बनाई गई है, जिन पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी है। दो दर्जन लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। पुलिस ने साथ में गांजा, नशीली दवाइयां और शराब की तस्करी करने वाले की भी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हर थाने में 10-12 बदमाशों की सूची बनाई गई है। त्योहार के पहले बदमाशों को जेल भेजा जाएगा, ताकि शहर की कानून व्यवस्था और माहौल न बिगड़े।

हर थाने में बाइक स्क्वॉड, गली-मोहल्ले में रहेगी नजर
पुलिस ने बाइक स्क्वॉड बनाया है। बाइक स्क्वॉड की टीम त्योहार के दूसरे दिन तक गली-मोहल्ले में गश्त करेगी। हर थाने में दो-दो पेट्रोलिंग टीम होगी। त्योहार के दौरान कोई भी हुड़दंग करता पाया गया, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा।

3 सवारी मिले तो बाइक जब्त
बुधवार से ट्रैफिक पुलिस की टीम शहर में जांच शुरू कर देगी। शहर में आने-जाने वाले हर एक गाड़ियों को रोका जाएगा। उसकी जांच की जाएगी। त्योहार के दौरान बाइक में तीन सवारी मिले तो गाड़ी जब्त होगी। गाड़ी को दूसरे दिन कोर्ट पेश किया जाएगा। कोर्ट से कार्रवाई होगी। पुलिस जुर्माना वसूलकर नहीं छोड़ेगी। गाड़ियों में शराब या नशे का सामान मिला तो जुर्माना किया जाएगा। शहर में 23 जगह बेरीकेड्स लगाकर चेकिंग पॉइंट लगाया जाएगा। रात 2 बजे तक पुलिस की जांच चलेगी।

मुखौटा बेचा तो दुकान सील
पुलिस ने त्योहार में मुखौटा पूरी तरह बैन किया है। कोई भी कारोबारी मुखौटा बेच नहीं सकते है। किसी भी दुकान में मुखौटा मिला तो केस दर्ज किया जाएगा और दुकान को सील कर दिया जाएगा। अगर कोई मुखौटा लगाकर निकलेंगे तो उनके पर भी कार्रवाई होगी। केमिकल वाले स्प्रे को भी प्रतिबंधित किया गया है।

800 जगह होलिका दहन
शहर में 800 से ज्यादा जगह पर होलिका दहन किया जाएगा। पुलिस ने निर्देश दिया है कि कोई भी बीच सड़क या चौक पर होलिका दहन नहीं करेंगे। सड़क के किनारे ही होलिका दहन किया जाएगा। ताकि लोगों को आने-जाने में किसी तरह की दिक्कत न हो। अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।


You may have missed