सावधान: ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म के लिंक के जरिए हो रही ठगी, पलक झपकते ही बैंक अकाउंट हो रहे खाली
नई दिल्लीः लोगों से ठगी की घटना को अंजाम देने के लिए साइबर ठग हमेशा नए तरीके इस्तेमाल करते रहते हैं। फोन पर एटीम कार्ड, बैंक पासबुक बंद होने और लुभावने ऑफर के बहाने ठगी करने के बाद मालवेयर लिंक्स के जरिए ठगी की जाने लगी है। इसी कड़ी में द कश्मीर फाइल्स की लोकप्रियता को देखते हुए इस मूवी की लिंक के जरिए भी साइबर ठगी की जा रही है। साइबर एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी है कि भूलकर भी द कश्मीर फाइल्स की मूवी लिंक क्लिक न करें वरना पलक झपकते ही आपका बैंक अकाउंट खाली हो सकता है।


दरअसल, साइबर ठग द कश्मीर फाइल्स मूवी डाउनलोड का लिंक भेजने के बहाने मालवेयर भेज रहे हैं। इसके जरिए बड़ी आसानी से आपके मोबाइल का डाटा साइबर ठगों तक पहुंच जाता है। इतना ही नहीं ये मालवेयर आपके बैंक खाते में भी सेंध लगा सकता है।
क्या न करें
• अनजान लोगों के द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें,
• ईमेल, सोशल प्लेटफॉर्म और एसएमएस पर गैर जरूरी लिंक्स को क्लिक न करें,
• ओटीपी जैसी जानकारी किसी के साथ शेयर न करें,
• किसी तरह के प्रलोभन और झांसे में न फंसें.
क्या करें
• बैंक और दूसरे गोपनीय पासवर्ड को बदलते रहें,
• ठगी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें,
• किसी साइबर एक्सपर्ट से सलाह लें,
• मालवेयर की आशंका हो तो मोबाइल फॉर्मेट करवा लें.

