मुख्यमंत्री भूपेश ने फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ देखने सभी विधायकों को किया आमंत्रित
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को विधानसभा में सभी सदस्यों को आमंत्रित करते हुए कहा-चलो एक साथ जाकर फिल्म देखते हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने सभी विधायकगणों और नागरिकों को फिल्म देखने निमंत्रण भेजा है। राजधानी के मैग्नेटो माल के पीवीआर में आज रात 8 बजे के शो में फिल्म कश्मीर फाइल्स के लिए एक स्क्रीन को पूरा बुक किया गया है।


फिल्म की कहानी
ये कहानी है कश्मीर के एक टीचर पुष्कर नाथ पंडित के जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका रोल अनुपम खेर कर रहे हैं। कृष्णा बने हैं दर्शन कुमार जो अपने दादा पुष्कर नाथ पंडित की अंतिम इच्छा को पूरा करने के लिए दिल्ली से कश्मीर आता है। कृष्णा अपने दादा के सबसे अच्छे दोस्त ब्रह्म दत्त यानी मिथुन चक्रवर्ती के साथ रहता है। उस दौरान पुष्कर के अन्य मित्र भी कृष्णा से मिलने आते हैं। इसके बाद फिल्म फ्लैशबैक में चली जाती है।
यह फ्लैशबैक में दिखाया गया है कि 1990 से पहले कश्मीर कैसा था। इसके बाद 90 के दशक में कश्मीरी पंडितों को धमकी दी गई और उन्हें घर छोड़ने के लिए मजबूर करने की कहानी को दिखाया गया है। कृष्णा को नहीं पता कि उस दौरान उनके परिवार ने कितनी मुश्किलों का सामना किया। इसके बाद उनके सामने 90 के दशक की घटनाओं की परतें खुलती हैं और यह दिखाया जाता है कि उस दौरान कश्मीरी पंडितों को किस दर्द से गुजरना पड़ा। ये पूरी कहानी 90 के दशक के उस दर्द को बयां करती है।

