Income Tax Raid: राजधानी में आयकर विभाग की छापेमारी, इस नामी बिल्डर के कई ठिकानों पर दी दबिश
मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई समेत अन्य शहरों में रियल एस्टेट के क्षेत्र में नामी कंपनी हीरानंदानी ग्रुप के कई ठिकानों पर आयकर विभाग की ओर से छापेमारी की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय एजेंसी ने मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु में लगभग 24 स्थानों पर तलाशी ली। कंपनी परिसरों और कार्यालयों के साथ-साथ कुछ शीर्ष अधिकारियों के आवासों की भी तलाशी ली जा रही है।


गौरतलब है कि आज (22 मार्च, मंगलवार) देश भर में आयकर विभाग की ओर से छापेमारियां की जा रही हैं। मुंबई और ठाणे समेत देश के कई हिस्सों में सुबह से छापेमारियां शुरू हैं। बताया जा रहा है कि कई बड़े-बड़े बिल्डर्स आयकर विभाग के राडार पर हैं। मुंबई और ठाणे के सबसे बड़े बिल्डरों में से एक हीरानंदानी ग्रुप के ठिकानों पर छापे मारे गए हैं।
इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय की ओर से मुंबई में महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और राकांपा नेता नवाब मलिक के कुर्ला स्थित ठिकानों पर छापेमारी की गई है। नवाब मलिक फिलहाल मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 4 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में हैं। वे मुंबई के ऑर्थर रोड जेल में बंद हैं। उन पर दाउद इब्राहिम और मुंबई बम ब्लास्ट से संबंधित लोगों से कौड़ियों के भाव में जमीन खरीदने का आरोप लगा हुआ है।

