April 18, 2026

घर में चोरी करने घुसे चोरों ने पहले उठाया नींबू पानी का लुफ्त, फिर घर पर किया हाथ साफ

nimbu pani 1

रायपुर: राजधानी रायपुर में रिटायर्ड ऑफिसर के घर से चोरी का एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है, जहां चोरों ने घर में चोरी करने से पहले नींबू पानी, पीना ज्यादा जरूरी समझा। जी हाँ, आपको बता दें चोरों ने पहले नींबू पानी का लुफ्त उठाया उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया।


यह मामला रोहिणीपुरम इलाके का है। महामाया हॉस्पिटल के ठीक पीछे 164/4, यह मकान पावर ग्रिड कंपनी में काम करने वाले रिटायर्ड ऑफिसर प्रतापराव चौधरी का है। इस मकान में करीब 1 लाख से अधिक के जेवरों की चोरी हुई है। कीमती चीजों पर हाथ साफ करने से पहले चोरों ने किचन में तीन गिलास नींबू पानी पिया है। जांच में पहुंचे अफसरों ने देखा कि किचन में नींबू शक्कर और गिलास पड़े हैं । जबकि घर बीते 2 दिनों से बंद था यहां कोई भी नहीं था। पुलिस ने पाया कि घटना को अंजाम देने पहुंचे चोरों ने पहले नींबू के रस का आनंद लिया उसके बाद घटना को अंजाम दिया। इस घटना में पुलिस के मुताबिक 2 से 3 लोग शामिल हो सकते हैं।

50 घंटे बीते
पावर ग्रिड में काम करने वाले पूर्व अफसर प्रताप राव चौधरी 8 अप्रैल की रात अपने परिवार के लोगों को लेकर शिमला घूमने गए हुए थे। उन्होंने अपने किराएदार अभिषेक यादव पर मकान की देखरेख का जिम्मा छोड़ रखा था। 12 अप्रैल की सुबह करीब 7:30 बजे जब अभिषेक अखबार लेने नीचे उतरे तो देखा किचन का सामान फैला हुआ है। सामने की गेट का ताला भी टूटा हुआ है अभिषेक ने देखा कि किचन का दरवाजा भी खुला हुआ है और पूजा वाले कमरे की खिड़की का ग्रिल कटा हुआ है।

उन्होंने मकान मालिक और पुलिस को खबर दी। पता चला कि इसी कटी हुई ग्रिल से चोर अंदर घुसे किचन में शरबत पिया और फिर एक लाख से अधिक के जेवर लेकर फरार हो गए। 50 घंटे बीत जाने के बाद भी अब तक चोरी किसने की इसका सुराग पुलिस के हाथ में नहीं है डीडी नगर थाने की टीम इस चोरी के मामले को सुलझाने की कोशिश में जुटी हुई है।

गुडलक के लिए करते हैं ऐसा
कई केस में ऐसा देखा गया है कि चोरों का गैंग घर या दुकानों में चोरी के वक्त कुछ खाता-पीता है या वहां के टॉयलेट का इस्तेमाल करता है। ऐसे पुराने मामलों में पता चला है कि चोरों के कई गैंग ऐसा गुडलक के लिए करते हैं। चोर गैंग के बीच ऐसी मान्यताएं होती हैं कि ऐसा करने से वो पकड़े नहीं जाएंगे या सुरक्षित रहेंगे, उन्हें ज्यादा माल मिलेगा। कई चोर ऐसा सिर्फ स्टाइल और पुलिस को चैलेंज करने के लिए भी करते हैं।


You may have missed