Weather Update: कहीं चलेगी लू तो कहीं बारिश के आसार, जानिए आपके शहर का हाल
नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में इन दिनों प्रचंड गर्मी और लू के थपेड़ों से लोगों का हाल बेहाल है। इस बीच कई इलाकों के लोगों के लिए राहत की खबर है। देश के कई हिस्सों में जारी पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम के मिजाज में बदलाव देखा जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आज भी कई जगहों पर धूल भरी हवाओं के साथ आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। वहीं, कहीं-कहीं बारिश होने की भी संभावना है।


कई जिलों में येलो और हीटवेव का अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। बूंदाबांदी (rain alert) की संभावना जताई गई। हालांकि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही कई जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्यप्रदेश के कई इलाकों में 25 अप्रैल तक हीट वेव की स्थिति बने रहने के आसार हैं।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की आशंका जताई है। 26 अप्रैल तक असम और मेघालय में भारी बारिश, गरज, बिजली और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। IMD ने अगले पांच दिनों में बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश का अनुमान जताया है। झारखंड में दक्षिण गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, ओडिशा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

