July 21, 2026

बफर एंड को तोड़ते हुए प्लेटफॉर्म पर चढ़ा लोकल ट्रेन का डिब्बा, मची अफरा-तफरी

IMG-20220425-WA0000

चेन्नई: चेन्नई के बीच स्टेशन पर रविवार को लोगों में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक लोकल ट्रेन का एक डिब्बा प्लेटफॉर्म पर चढ़ गया। हालांकि, राहत की बात ये रही कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है।


दरअसल, ये घटना तब हुई जब खाली इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (ईएमयू) को यार्ड से प्लेटफॉर्म पर ले जाया जा रहा था। दक्षिण रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एस गुगणेशन ने बताया कि शेड लाइन से प्लेटफॉर्म 1 पर एक खाली ईएमयू रेक को लेकर जाते समय रेक प्लेटफॉर्म के बफर एंड को तोड़ते हुए आगे निकल गया और प्लेटफॉर्म 1 को क्षतिग्रस्त कर दिया।

उन्होंने बताया कि हादसे के समय रेक पूरी तरह से खाली था और उसमें कोई यात्री सवार नहीं था। प्लेटफॉर्म पर भी मौजूद किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई है। वहीं, शंटर भी हादसे के वक्त रेक से कूद गया और उसे भी चोट नहीं आई है।

वहीं, गुगणेशन ने कहा कि हादसे के पीछे की वजह जानने के लिए उचित स्तर पर जांच की जाएगी। बताया जा रहा है कि करीब 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद EMU को हादसे वाली जगह से हटाया जा सका। फिलहाल, बीच थाना पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ आईपीसी की धारा 279 और रेलवे एक्ट की धारा 151, 154 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


You may have missed