चलती कार से इंटेलिजेंस ऑफिस पर राकेट से हमला, सीएम ने दिए पूरे मामले की जांच के आदेश
मोहाली: अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हो गए है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मोहाली स्थित इंटेलिजेंस विंग के हेडक्वार्टर पर हमला हुआ है। शुरुआती जानकारी में पता चला है कि इंटेलिजेंस विंग की दूसरी मंजिल पर यह हमला हुआ है। मोहाली एसपी रविंदर पाल सिंह ने बताया कि मामूली धमाका है। हमला इमारत के बाहर से हुआ है। इसे रॉकेट जैसी चीज से हमला किया गया है। कोई हताहत या नुकसान नहीं हुआ। हमारे वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम इसकी जांच कर रही है।


वारदात सीसीटीवी में कैद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमला करने वाले स्विफ्ट कार में आए थे और उन्होंने चलती कार से ही इमारत को निशाना बनाया था। यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। वहीं रॉकेट लांचर से हमले की सूचना के बाद मोहाली ही नहीं बल्कि ट्राइसिटी के अधिकारी हरकत में आ गए। एसएसपी चंडीगढ़ कुलदीप सिंह चहल, एसएसपी मोहाली विवकेशील सोनी ने मौके पर पहुंचकर सारे तथ्यों की पड़ताल की।
आतंकवादी हमले से नहीं किया जा सकता- एसपी रविंदर पाल सिंह
पुलिस ने हमले में फिल्हाल आतंकी एंगल से इंकार किया है। हालांकि एसपी से यह पूछे जाने पर कि क्या इसे आतंकवादी हमला माना जा सकता है तो मोहाली के एसपी (मुख्यालय) रविंदर पाल सिंह ने कहा कि इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हम इसकी जांच कर रहे हैं।
सीएम ने दिए पूरे मामले की जांच के आदेश
सीएम भगवंत मान ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने ट्वीट किया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने डीजीपी से पूरे मामले की रिपोर्ट मांग ली है। इसके बाद पूरे पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मोहाली पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति
इससे पहले मोहाली पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कह गया था कि मोहाली के सेक्टर 77 में एसएएस नगर में पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस हेड क्वार्टर में सोमवार शाम करीब 7:45 बजे एक मामूली विस्फोट की सूचना मिली। किसी नुकसान की सूचना नहीं है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं और जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीमों को बुलाया गया है।
आशंका है कि पंजाब इंटेलिजेंस दफ्तर पर RPG (राकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड) से हमला हुआ है। लेकिन इस हमले ने एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों की सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने सारे क्षेत्र को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मुख्यालय के बाहर से कोई विस्फोटक सामग्री फेंकी गई है। स्थानीय पुलिस के अलावा खुफिया एजेंसियों ने मुख्यालय को घेर कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। मीडिया को भी दफ्तर से दूर रोक दिया गया है। मौके पर प्रशासनिक अमला पहुंच गया है। बिल्डिंग के आसपास आवासीय क्षेत्र नहीं है। मीडिया सूत्रों के अनुसार साढ़े सात बजे के आसपास धमाका हुआ है। जानकारी के अनुसार पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। मोहाली एसएसपी भी मौके पर पहुंचे हैं। सीएम भगवंत मान ने भी घटना की रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री ने डीजीपी से मामले की पूरी जानकारी ली है। मुख्यमंत्री भगवंत मान लगातार अफसरों के संपर्क में हैं।
हमला उस समय हुआ जब दफ्तर में छुट्टी हो चुकी थी और अधिकतर मुलाजिम निकल चुके थे। इससे बिल्डिंग के शीशे टूट गए हालांकि किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। सोमवार रात 10:00 बजे कि वह आईटी टीम से लेकर अन्य पुलिस दस्ते मौके पर पहुंच गए थे।

