April 19, 2026

तोहफा निकला खतरनाक: शादी के गिफ्ट में मिला टेडी बियर हुआ ब्लास्ट, दूल्हे ने गंवाई कलाई

teddy bear blast

नवसारी: गुजरात के एक परिवार को शादी में मिला तोहफा खतरनाक साबित हुआ। शादी समारोह में मिले गिफ्ट पैकेट को खोलते समय हुए ब्लास्ट में नवविवाहित युवक समेत उसका भतीजा बुरी तरह जख्मी हो गया। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल दूल्हे की हालत गंभीर बनी हुई है।


मामला नवसारी जिले के वंसदा तालुका स्थित मीठांबरी का है। इस गांव में बीते 12 मई को एक शादी हुई थी। जहां तमाम मेहमानों ने दूल्हा-दुल्हन को उपहार भेंट किए थे। बीते मंगलवार को ही नवविवाहित लतेश गावित ने घर पर इन्हीं तोहफों को बारी-बारी देखना शुरू किया। इसी बीच उपहार स्वरूप मिले एक टेडी बियर में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में दूल्हा समेत उसका 3 साल का भतीजा बुरी तरह झुलस गए।

विस्फोट इतना भयंकर था कि युवक लतेश की आंख पूरी तरह से डैमेज हो गई जबकि उसके बाएं हाथ की कलाई हाथ से जुदा हो गई और ऊपरी शरीर भी जल गया। इलाज के लिए घायल को नवसारी के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही दूल्हे के जख्मी भतीजे जियास पंकज का भी वंसदा के एक अस्पताल में इलाज करवाया जा रहा है।

विस्फोट की खबर के बाद एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। जांच के दौरान चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि घायल दूल्हे की साली के पूर्व प्रेमी ने विस्फोट कर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में राजू पटेल और उसके साथी मनोज को गिरफ्तार किया है।

इस मामले में सूरत रेंज के आईजी. डॉ. एस. राजकुमार पांडियन ने कहा कि वंसदा के मीठांबरी गांव में एक उपहार में टेडी बियर की तरह धमाका होने की खबरें मिली हैं। शुरू से ही लग रहा था कि यह कोई सामान्य धमाका नहीं है। जांच में पता चला की जिस टेडीबेयर में विस्फोट हुआ वह राजेश पटेल ने दिया था। राजेश दूल्हे की साली के साथ लीवइन में रह रहा था। दोनों 2009 से लीवइन में रह रहे थे उनका एक बच्चा भी है। दूसरी ओर राजेश भी शादीशुदा है। राजेश ने जागृति और बच्चे को मारने के इरादे से विस्फोट की योजना रची थी। वह इस के लिए मनोज नाम के एक दोस्त से एक जिलेटिन और एक डेटोनेटर लाया था।

पुलिस के मुताबिक राजेश ने जागृति को मारने के उद्देश्य से एक खिलौना खरीदा था। उसने बैग में जिलेटिन और डेटोनेटर डाल दिया। बाद में उसने एक तार निकाला। उसने जागृति के एक दोस्त के माध्यम से उपहार भेजा। हालांकि, गलती से उपहार शादी के गिफ्ट में मिक्स हो गया। यह गिफ्ट जागृति ने अपनी बहन के पति को शादी में दिया था। शादी के बाद दूल्हे ने गिफ्ट देखा और बोर्ड मे वायर लगाते ही विस्फोट हुआ जिसमें स्वयं दूल्हा और बच्चा घायल हो गया था । राजेश और मनोज को मामले में हिरासत में लिया गया है और आगे की जांच जारी है।


You may have missed