June 6, 2026

लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के लिए तारीखों का ऐलान, जानें आपके राज्य में कब होगा मतदान?

voting

देश के 6 राज्यों में लोकसभा की तीन और विधानसभा की सात सीटों पर 23 जून को उपचुनाव होंगे। निर्वाचन आयोग ने बुधवार को उपचुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया। उपचुनाव की अधिसूचना 30 मई को जारी होगी और वोटों की गिनती 26 जून को की जाएगी।


लोकसभा की तीन में से दो सीटें यूपी की हैं। इनमें आजमगढ़ सीट सपा नेता अखिलेश यादव और रामपुर सीट मोहम्मद आजम खान के विधानसभा चुनाव जीतने से खाली हुई। वहीं पंजाब की संगरूर सीट आम आदमी पार्टी के विधायक भगवंत मान ने मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली की। वहीं विधानसभा की सात सीटों में से एक दिल्ली की राजेंद्र नगर सीट है जो आप के राघव चड्ढा के हाल ही में राज्यसभा जाने से खाली हुई।

इसके अलावा झारखंड की मंदार, आंध्र प्रदेश की आत्माकुर और त्रिपुरा की अगरतला, टाउन बोर्डोवाली, सूरमा व जुबराजनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं। उपचुनाव से राष्ट्रपति के चुनाव के लिए आवश्यक निर्वाचक मंडल की रिक्तियां भरने में मदद होगी। राष्ट्रपति का चुनाव जुलाई में प्रस्तावित है।

इन लोकसभा/विधानसभा सीट पर चुनाव
पंजाब- संगरूर लोकसभा
उत्तर प्रदेश- रामपुर लोकसभा
उत्तर प्रदेश- आजमगढ़ लोकसभा
त्रिपुरा- अगरतला विधानसभा
त्रिपुरा- टाउन बार्दोवली विधानसभा
त्रिपुरा- सुरमा विधानसभा
त्रिपुरा- जुबराजनगर विधानसभा
आंध्र प्रदेश- आत्माकुर विधानसभा
एनसीटी ऑफ दिल्ली- राजिंदरनगर विधानसभा
झारखंड- मंदार विधानसभा

विधानपरिषद चुनावों का भी एलान
चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार विधान परिषदों की 30 सीटों के लकए चुनाव का भी एलान कर दिया है। यह सभी सीटें छह जून से 21 जुलई के बीच खाली हो रही हैं। इन सभी सीटों पर चुनाव 20 जून को होगा और नतीजे भी इसी दिन आएंगे। आयोग के मुताबिक, यूपी में 13, महाराष्ट्र में 10 और बिहार में सात सीटों पर चुनाव होने हैं।


You may have missed