क्रूरता की सारी हदें पार: चोरी के शक में युवक की हत्या, आंखें भी फोड़ी और जुबान काट ली
उमरिया: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में चोरी के शक में एक युवक को आरोपियों ने बांधकर बेरहमी से पीटा और उसकी जान ले ली। इतना ही नहीं आरोपियों ने युवक को सजा देने के मामले में क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। मारपीट के साथ ही युवक की एक आंख फोड़ दी, उसका एक हाथ भी तोड़ दिया और इसके बाद भी उनका जी नहीं भरा तो उन्होंने युवक की जुबान काटकर फेंक दी।


लोगों ने सच्चाई का पता लगाने की क्रूरता की सारी हदें पार
घटना उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के दुलहरा गांव की है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मी कुशवाहा नामक युवक को कुछ लोगों ने चोरी की सच्चाई का पता लगाने के लिए बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। गांव में कुछ महीने पहले खटीक परिवार में चोरी हुई थी, जिसका संदेह युवक पर था। कुछ लोगों ने मृतक को उसके नाना के घर शहडोल के पौड़ी से उठाया और उसके घर ले गए, जहां परिजनों से अभद्रता करते हुए सच उगलवाने अपने घर ले गए। आरोपियों ने युवक को रस्सी से बांधकर बर्बरता की हदें पार कर दीं। अपने जवान बेटे को खोने के बाद फिलहाल परिजन कुछ भी कहने की हालत में नहीं हैं।
पुलिस ने किया एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर मानपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गंभीर हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज किया है। करीब एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।

