अजब गजब: सांप ने काटा तो गुस्से में उसे ही गाजर-मूली की तरह चबाकर खा गया किसान
बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद के कमासिन थाना क्षेत्र के गांव स्योहट से एक हैरान का देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक किसान को सांप ने काट लिया तो वह उसे गाजर-मूली की तरह चबाकर खा गया। घटना की जानकारी हुई तो उसके घरवालों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके साथ ही उन्होंने पूरे गांव में उल्टा ढोल बजवाकर परंपरा का निर्वहन किया। अब ये पूरी घटना आसपास के गांवों में लोगों के बीच खासा चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि उनके इस दावे की स्वतंत्र रूप से कोई पुष्टि नहीं हो सकी है।


50 वर्षीय किसान माताबदल के घर में सांप निकल आया था और वह उसे पकड़ने का प्रयास कर रहे थे, इस बीच सांप ने उनके हाथ पर काट लिया। इसपर माताबदल गुस्से से भर उठे और किसी तरह सांप को पकड़ लिया। सांप को मारने के बाद उसे मुंह से काटकर गाजर मूली की तरह माताबदल खा गए।
इस पूरी घटना की जानकारी घरवालों को हुई तो वे घबरा गए। उनके बेटे मुलायम सिंह व स्वजन उन्हें अस्पताल ले चलने की जिद करने लगे, लेकिन माताबदल जाने को तैयार नहीं थे। बाद में घरवालों के जोर देने पर माताबदल को कमासिन सीएचसी ले जाया गया। उनके अस्पताल जाने के बाद घरवालों ने उल्टा ढोल बजवाकर परंपरा का निर्वहन किया।
वहीं सीएचसी में चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। माताबदल ने डॉक्टरों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने की बात कही। उन्होंने बताया कि वह अस्पताल भी नहीं आना चाहते थे, लेकिन घरवाले जबरदस्ती ले आए हैं। वहीं डॉक्टरों ने उसका परीक्षण करने के बाद उसकी हालत सामान्य बताई है।

