सरकारी विभागों में 70 हजार पदों पर भर्ती को मंजूरी, SSC ने जारी की नोटिस
नई दिल्ली: अभ्यर्थियों के लिए एक खुशखबरी है कि सरकारी विभागों में करीब 70 हजार पदों पर भर्ती की मंजूरी कर्मचारी चयन आयोग ने दे दी है। एसएससी ने 20 जून यानी मंगलवार को नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी।


कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने कहा है कि ‘वह केंद्र सरकार के विभागों में लगभग 70 हजार रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया शुरू करेगा। आयोग की ओर से की गई यह घोषणा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते सप्ताह केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों से अगले डेढ़ साल के भीतर 10 लाख लोगों की भर्ती करने को कहा था।’
एसएससी ने 20 जून को जारी एक सार्वजनिक नोटिस में कहा, ‘भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के प्रयास के तहत आयोग लगभग 70 हजार अतिरिक्त रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया शुरू करेगा। आने वाले समय में वेबसाइट पर विभिन्न परीक्षाओं के नोटिस अपलोड किये जाएंगे।’
जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन
कर्मचारी चयन आयोग के ऐलान के बाद अब जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। संभावना जताई जा रही है कि अगले महीने ही नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है। ऐसे में जरूरी है कि सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवा कर्मचारी आयोग की अधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

