स्वामी आत्मानंद स्कूल योजना में सरकार ने किया ये बड़ा बदलाव
रायपुर: स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल योजना में राज्य सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। प्रदेश के सभी कलेक्टर्स और जिला शिक्षा अधिकारियों के नाम जारी आदेश के मुताबिक अब जिन स्कूलों को आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल बनाया गया है, वहां पहले से संचालित हिंदी माध्यम के स्कूल भी जारी रहेंगे। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने आदेश जारी कर दिया है।


आदेश के बाद स्वामी आत्मानंद स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम के छात्रों की भर्ती तो होगी, साथ ही पहले से वहां हिंदी माध्यम में अध्ययनरत छात्र भी उसी स्कूल में अपनी शिक्षा जारी रख सकेंगे।
बता दें कि जहां-जहां भी आत्मानंद अग्रेजी माध्यम सकूलों की घोषणा की गई, वहां-वहां से विरोध के स्वर उठ रहे थे। सवाल यह था कि वहां पहले से हिंदी माध्यम की शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र कहां जाएं। क्योंकि वहां पढ़ने वाले सभी छात्रों का अंग्रेजी माध्यम स्कूल में एडमीशन नहीं हो रहा था।
आदेश के बाद यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में लागू कर दी गई है। अब आत्मानंद अंग्रेजी स्कूलों के साथ-साथ हिंदी पाठ्यक्रम भी पूरे प्रदेश में जारी रहेंगे। जिसके बाद स्वामी आत्मानंद इंग्लिश माध्यम के चलते हिंदी माध्यम के स्कूल विलुप्त नहीं होंगे।

