April 18, 2026

CG में निर्भया कांड जैसी वारदात: दुष्कर्म के बाद प्राइवेट पार्ट में डाला तवे का मूठ, पैरों से रौंदा

11287

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने 55 वर्षीय अधेड़ महिला से पहले दुष्कर्म किया। फिर उसके प्राइवेट पार्ट में तवे का मूठ डाल दिया। इसके बाद महिला के गले और सीने को पैरों से रौंदा डाला, महिला की हडि्डयां टूट गईं, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।


जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर 2 निवासी 55 वर्षीय महिला के पति की लगभग 3 साल पहले मौत हो गई थी। उसके कोई बच्चे भी नहीं थे। महिला घर में अकेले रहती थी और दूसरों के घरों में काम करती थी। रविवार सुबह जब काफी देर तक महिला घर से बाहर नहीं निकली तो पड़ोसी उसे देखने के लिए पहुंचे। वहां अंदर कमरे के दरवाजे के पास ही महिला का अर्धनग्न शव पड़ा हुआ था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पोस्टमार्टम में दुष्कर्म और मौत के कारणों का पता चला।

पुलिस ने इस जघन्य हत्या के आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम बनाई। जांच के दौरान पता चला कि निगरानी बदमाश सूरज भोई को घटना वाले दिन क्षेत्र में देखा गया था। इस पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ घंटों बाद ही आरोपी को अकलतरा के एक ढाबे से हिरासत में ले लिया। पहले ताे वह मना करता रहा, लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने दुष्कर्म और हत्या करने की बात कबूल की।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी सूरज ने बताया कि वह 2 जुलाई की रात पोड़ीभांठा में घूम रहा था। तभी से मकान का दरवाजा खुला दिखाई दिया। वहां एक महिला अकेले सोई हुई थी। यह देखकर वह अंदर घुस गया और डरा-धमका कर दुष्कर्म किया। वह दोबारा भी दुष्कर्म करना चाहता था, लेकिन तब तक महिला उसके चंगुल से छूटी और बाहर आकर चिल्लाने का प्रयास करने लगी।

आरोपी ने महिला के बाल पकड़ कर उसे अंदर खींच लिया। इसके बाद महिला को जमीन पर पटक दिया और घर में रखे तवे से उस पर वार किया। महिला दर्द से छटपटाने लगी तो उसके सीने पर चढ़ गया और उसके गले को हाथ से दबा दिया। इसके बाद भी महिला बचने का प्रयास करती रही। इस पर आरोपी ने छटपटा रही महिला के गले पर पैर रख दिया और उसे दबा दिया, जिसके कारण महिला की मौत हो गई। इसके बाद वहां से भाग गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।


You may have missed