सड़क किनारे 3 साल के भाई के शव को गोद में लेकर बैठा रहा 8 साल का बड़ा भाई
मुरैनाः मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलता एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में 8 साल का एक बच्चा अपने 3 साल के भाई के शव को गोद में लिए बैठा दिखाई दे रहा है। यह मार्मिक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


बताया जा रहा है कि पूजाराम जाटव अपने तीन साल के बेटे राजा को जिला अस्पताल लेकर आए थे। राजा एनीमिया से पीड़ित था और सरकारी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जाटव ने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों से शव को गांव ले जाने के लिए एक वाहन मांगा, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि अस्पताल में कोई वाहन नहीं है, और उससे किसी दूसरे वाहन को किराए पर लेने के लिए कहा।
इसके बाद राजा के पिता पिता बच्चे के शव को घर ले जाने के लिए वाहन की तलाश करते रहे और राजा का 8 साल का बड़ा भाई जमीन पर एक दीवार के सहारे बैठा रहा और अपने गोद में छोटे भाई के शव को लेकर इंतजार करता रहा।
इसके बाद एसएचओ योगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को उठाया और सीधे जिला अस्पताल पहुंचे। जल्द ही अस्पताल प्रशासन ने एंबुलेंस की व्यवस्था की और शव को घर भेज दिया गया। हद तो यह है कि इस बाबत जब सीएम शिवराज से सवाल किया गया तो वह जवाब देने के बजाए चुपचाप चले गए।
इस घटना को लेकर कांग्रेस ने शिवराज सिंह चौहान सरकार की खिंचाई की। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि ” मैं शिवराज सिंह चौहान से अनुरोध करता हूं कि राज्य के मुखिया के रूप में, आप चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करें ताकि राज्य के सात करोड़ लोगों को आपकी लापरवाही का नुकसान न उठाना पड़े।”

