एम्स में इलाज कराना अब पड़ेगा महंगा: प्राइवेट वार्ड में 5% जीएसटी लागू करने का आदेश जारी
नई दिल्ली: एम्स में इलाज कराना अब महंगा पड़ेगा। एम्स के प्राइवेट वार्ड में पांच फीसदी जीएसटी लागू करने का आदेश जारी किया गया है। इस आदेश से मरीजों को रोजाना करीब 300 रुपए ज्यादा खर्च करना होगा।


एम्स में दो महीने बाद एक बार फिर से डीलक्स रूम में इलाज कराना और महंगा हो गया है। कल एम्स प्रशासन की तरफ से आदेश जारी करते हुए उसे नोटिफाई कर दिया गया। अब प्राइवेट वार्ड के 6000 रुपए वाले बेड पर 5 फीसदी जीएसटी के बाद इसका किराया 300 रुपए बढ़कर 6300 हो गया है।
बता दें कि एम्स के प्राइवेट वार्ड में 288 बेड की सुविधा है। इससे पहले मई में प्राइवेट वार्ड के शुल्क बढ़ाए गए थे। प्राइवेट वार्ड में बी श्रेणी के कमरे का शुल्क प्रतिदिन 2000 रुपए से बढ़ाकर 3000 रुपए और डीलक्स श्रेणी के कमरे का शुल्क 3000 रुपए से बढ़ाकर 6000 रुपए कर दिया था। इसके साथ ही बी श्रेणी के प्राइवेट वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों को 10 दिन के लिए एडवांस 33,000 रुपए और डीलक्स वार्ड में भर्ती होने के लिए 63,000 रुपए जमा करने होते हैं।

