ED का छापा ब्रेकिंग: शिवसेना सांसद संजय राउत और दो करीबियों के घर दी दबिश
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की इन दिनों ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। महाराष्ट्र के 1034 करोड़ के पात्रा चॉल जमीन घोटाला मामले में शिवसेना सांसद संजय राउत के घर ED की टीम पहुंच गई है। टीम में करीब 10 से 12 अफसर हैं। राउत के अलावा उनके परिवार से भी पूछताछ कर रही है। टीम रावत के अलावा उनके दो करीबियों के घर भी पहुंची है। करीब 2 घंटे से पूछताछ जारी है।


उन्हें 27 जुलाई को ED ने तलब किया था। वह अधिकारियों के सामने पेश नहीं हुए थे। इसके बाद ED के अधिकारी उनके घर पहुंचे हैं। संजय राउत और उनके विधायक भाई सुनील राउत दोनों इस वक्त अपने भांडुप के बंगले मैत्री पर मौजूद हैं।
ED की कार्रवाई शुरू होने के बाद संजय राउत ने ट्वीट करके अपनी सफाई दी। राउत ने कहा- मेरा किसी घोटाले से कोई लेना-देना नहीं है। मैं शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की शपथ लेकर यह कह रहा हूं। बालासाहेब ने हमें लड़ना सिखाया है। मैं शिवसेना के लिए लड़ना जारी रखूंगा। यह झूठी कार्रवाई है। झूठा सबूत है। मैं शिवसेना नहीं छोड़ूंगा। मैं मर भी जाऊं तो समर्पण नहीं करूंगा।
छापे के अपडेट्स
शिंदे गुट के नेताओं के खिलाफ उद्धव ठाकरे गुट की ओर से दायर याचिका पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है।
यह कार्रवाई तब हो रही है, जब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज दिल्ली में हैं।
शिंदे अमित शाह और जेपी नड्डा से मुलाकात कर रहे हैं। तीनों के बीच कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चा हो रही है।
संजय राउत के घर ED की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही शिवसेना कार्यकर्ता उनके घर के बाहर जमा होना शुरू हो गए हैं। कार्यकर्ता केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।

