रायगढ़ में दो संदिग्ध नाव के अंदर मिला एके-47 गन और 248 जिंदा कारतूस: इलाके में हाई अलर्ट, कलेक्टर ने लोगों से की ये अपील
रायगढ़: मुंबई से सटे रायगढ़ में दो संदिग्ध नाव के अंदर हथियार मिलने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि किसी मछुआरे ने मुंबई पुलिस को इसकी खबर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुट गई। नाव में हथियार मिलने के बाद इलाके भर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। ये बोट यूके (UK) में रजिस्टर है। सूत्रों ने बताया कि यह बोट ओमान के पास डिस्ट्रेस में थी तभी इस बोट के लोगों को ओमान में रेस्क्यू किया गया था।


ऑस्ट्रेलियन महिला की है ये बोट- डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस
मुंबई से सटे रायगढ़ जिले के श्रीवर्धन तालुके के हरिहरेश्वर समुद्री किनारे से मिली संदिग्ध बोट के बारे में डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में बयान दिया है। फडणवीस ने कहा कि यह बोट मस्कट से यूरोप जाते वक्त भटक गर रायगढ़ किनारे तक आ गई है। उन्होंने बताया कि यह बोट एक ऑस्ट्रेलियन महिला की है। डिप्टी सीएम ने कहा कि वे इस खबर की पुष्टि नहीं कर रहे हैं लेकिन फिलहाल इसके पीछे कोई टेरर ऐंगल नहीं दिखाई दे रहा है।
रायगढ़ के कलेक्टर ने लोगों से की ये अपील
वहीं रायगढ़ के कलेक्टर ने नागरिकों से किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने का आग्रह किया है। उन्होंने लोगों से कहा है कि अगर आसपास के इलाके में कोई संदिग्ध गतिविधि पाई जाती है या उन्हें किसी पर शक होता है तो तुरंत पुलिस और जिला प्रशासन को इसकी सूचना दें। पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी है। स्थानीय विधायक जयंत पाटिल ने जानकरी दी है कि जो बोट मिली है समंदर में उसमें 3 एके-47 गन और 248 जिंदा कारतूस मिले हैं, ये जानकारी उन्हें एसपी ने दी है।
एटीएस दे सकता है दखल
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नाव में कोई भी शख्स मौजूद नहीं था। इसमें केवल हरियार थे. ताजा अपडेट के मुताबिक, ATS इस पूरे मामले की जांच कर सकती है। नाव कहां से आई और कौन लोग इसमें शामिल हो सकते हैं सभी कड़ियों पर जांच एटीएस की टीम कर सकती है। एटीएस चीफ विनीत अग्रवाल भी मौके पर जाने के लिए हुए रवाना हैं. विनीत अग्रवाल का कहना है कि हम आतंकी एंगल की जांच कर रहे हैं।

