April 22, 2026

बेरोजगारी और बढ़ते अपराधों के विरोध में भाजयुमो का हल्ला बोल, बैरिकेड्स तोड़ते हुए पहुंचे सीएम निवास तक

bjum

रायपुर: छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी और बढ़ते अपराधों के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में BJP ने आज बुधवार को राजधानी रायपुर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से हजारों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता रास्ते के बैरिकेड्स तोड़, पुलिस वालों से जूझते हुए मुख्यमंत्री निवास के करीब पहुंच गए थे।


भूपेश सरकार डर चुकी है- BJYM अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्या
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि भूपेश सरकार डर चुकी है। पुलिस डर चुकी है। युवा मोर्चा अध्यक्ष बनने के बाद कई राज्यों के आंदोलनों में मैं भाग ले चुका हूं, लेकिन छत्तीसगढ़ के युवा मोर्चा ने जिस तरह से आंदोलन किया है, जिस तरह से सरकार को डरा दिया है। ऐसा आंदोलन मैंने नहीं देखा है, मैं हनुमान की जन्म स्थली कर्नाटक से आता हूं, आज श्री राम के ननिहाल आया हूं। ये संघर्ष करने का समय है, लाठी खाने का समय है, सरकार को उखाड़कर फेंकने का समय है।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आई है, ये मफियागढ़ बन गया है- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आई है, ये मफियागढ़ बन गया है। बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन एक भी वादा सरकार ने पूरा नहीं किया है। सरकार ने लोगों को सिर्फ ठगा है। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में कोई पूछेगा कि सबसे बड़ा लबरा कौन है तो ये एक ही नाम आएगा।

उन्होने कहा कि 45 महीने बीत गए, युवाओं का 12 हजार करोड़ रुपये का कर्ज भूपेश सरकार लग रही है, नौकरी की पोल तो विधानसभा में खुल गई है, दस लाख नौकरियां देने की बात सरकार ने कही थी, लेकिन युवाओं को ठग दिया है इस सरकार ने। उन्होंने कहा कि 28 अप्रैल 2002 के युवा मोर्चा के आंदोलन के बाद 15 साल बीजेपी की सरकार रही। आज इस आंदोलन के बाद राज्य में तीस साल तक बीजेपी की सरकार रहेगी। इस दौरान भाजपा ने मंच से नारा दिया- ‘फिर एक बार भाजपा सरकार’।

युवा मोर्चा तीन महीने का समय सरकार को दे रहा है कि सरकारी नौकरी के रिक्त पदों को भरे, अनियमित कर्मचारियों को नियमित किया जाए। युवा मोर्चा पीछे पड़कर ये काम करवाएगी, दिसम्बर महीने में युवा मोर्चा फिर एक बार हुंकार करेगा, इस हुंकार से कुर्सी हिल गई है, अगले हुंकार में सरकार गिरना तय है।

भूपेश सरकार ने युवाओं के साथ छल किया- पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह 
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि भूपेश सरकार ने युवाओं के साथ छल किया है। सरकार के एक मंत्री कह रहे हैं कि बेरोजगारी भत्ता देने का वादा नहीं किया। सरकार इस आंदोलन से इतना डर गई है कि सड़कों पर कंटेनर रख दिया है। झूठे वादे करके सरकार आई है। सरकार कहती है कि पांच लाख नौकरी दी गई, लेकिन जब विधानसभा में जवाब आता है तो 18 हजार नौकरियां देने की बात होती है।

ये प्रदर्शन अभी ट्रेलर है, पूरी पिक्चर अभी बाकी है- नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल 
प्रदर्शन को लेकर नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि ये प्रदर्शन अभी ट्रेलर है, पूरी पिक्चर अभी बाकी है। आने वाले विधानसभा चुनाव में सरकार को जरूर जवाब मिलेगा।

युवा न डरेगा, न रुकेगा, बल्कि आपकी सरकार को उखाड़ फेकेगा- विधायक बृजमोहन अग्रवाल
भाजपा के विधायक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने ट्वीट कर कहा ‘ मुख्यमंत्री जी, युवाओं की आवाज को दबाने रायपुर की सड़कों को जंग का मैदान बना दिया है…. सड़कों पर आकर देखो मुख्यमंत्री जी, आपके ताबूत पर कील ठोकने युवाओं का सैलाब सड़क पर निकल चुका है। युवा न डरेगा, न रुकेगा, बल्कि आपकी सरकार को उखाड़ फेकेगा।

कई नेता और कारकर्ता पुलिस की हिरासत में
रायपुर विधायक बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके साथ ही कई बसों में कार्यकर्ताओं को भरकर सेंट्रल जेल कैंपस भेजा गया। यहां पहले से ही हिरासत में लिए गए अकलतरा विधायक सौरभ सिंह, प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव सहित कुछ नेताओं को रखा गया है। इन सभी को जेल परिसर के ओपन एरिया में रखा जा रहा है। इनके नाम-पते नोट किए जा रहे हैं।


You may have missed